Infosys Trainees Lay off: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी इंफोसिस से 195 और ट्रेनीज की छुट्टी हो गई है। ये ट्रेनीज 680 के बैच में से थे और इन्हें इनटर्नल एसेसमेंट में फेल होने के चलते बाहर किया गया है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने इसकी मेल 29 अप्रैल को भेजी थी। इंफोसिस में फरवरी से लेकर अब तक चौथी बार ट्रेनीज की छंटनी हुई है और अब तक करीब 800 की छुट्टी हो चुकी है। इसमें से 250 के करीब ने अपग्रेड (UpGrad) और NIIT के जरिए अपस्किलिंग प्रोग्राम में एनरोलमेंट कराया है और 150 के करीब ने आउटप्लेसमेंट सर्विसेज के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
इंफोसिस ने बीपीएम ट्रेनिंग के लिए अपग्रेड और आईटी ट्रेनिंग के लिए एनआईआईटी के साथ साझेदारी किया हुआ है। छंटनी से प्रभावित होने वाले ट्रेनीज को इंफोसिस एनआईआईटी और अपग्रेड के जरिए फ्री में अपस्किलिंग प्रोग्राम ऑफर कर रही है।
क्या है Infosys के मेल में?
इंफोसिस ने 29 अप्रैल को जो मेल ट्रेनीज को भेजा है, उसमें ये है कि तैयारी के लिए अतिरिक्त समय, डाउट-क्लियरिंग सेशन, कुछ मॉक एसेसमेंट्स और तीन अटेम्प्ट के बावजूद जेनेरिक फाउंडेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम में क्लालिफाइंग क्राइटेरिया को पूरा नहीं किया है। ऐसे में इंफोसिस ने कहा कि ये अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम जारी नहीं रख पाएंगे।
इंफोसिस ने बाहर हुए ट्रेनीज के लिए दूसरा रास्ता ऑफर किया है। कंपनी ने इन्हें इंफोसिस बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट (BPM) में किसी पोस्ट के लिए 12 हफ्ते की ट्रेनिंग ऑफर की है। इसके अलावा इंफोसिस ने यह भी कहा कि जो ट्रेनीज इस कोर्स को चुनते हैं, उनका खर्च कंपनी ही उठाएगी। कंपनी इन्हें एक महीने का एक्स-ग्रेशिया पेमेंट और रिलीविंग लेटर भी दे रही है। जो लोग बीपीएम नहीं चुनना चाहते हैं, उनके लिए कंपनी मैसूर से बंगलुरु तक जाने और उनके गृहनगर तक एक जाने का किराया देगी। जरूरत पड़ने पर एंप्लॉयीज जब तक नहीं जा पा रहे हैं, उन्हें मैसूर में एंप्लॉयी केयर सेंटर में रह सकते हैं।