I-PAC Raids Row: बंगाल के बाद अब दिल्ली में खेला! गृह मंत्रालय के बाहर TMC का प्रदर्शन, पुलिस ने 8 सांसदों को हिरासत में लिया

I-PAC Raids Row: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों ने जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ शुक्रवार (9 जनवरी) को दिल्ली में गृह मंत्रालय के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। TMC नेताओं ने दावा किया कि उन्हें जबरन उस स्थान से हटा दिया गया जहां वे प्रदर्शन कर रहे थे

अपडेटेड Jan 09, 2026 पर 11:43 AM
Story continues below Advertisement
TMC) नेताओं ने दावा किया कि उन्हें जबरन उस स्थान से हटा दिया गया जहां वे प्रदर्शन कर रहे थे

I-PAC Raids Row: पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद डेरेकब्रायन और महुआ मोइत्रा की अगुवाई में सांसदों ने दिल्ली में गृह मंत्रालय के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। TMC सांसदों ने कोलकाता में I-PAC ऑफिस और उसके डायरेक्टर प्रतीक जैन पर ED की छापेमारी के विरोध में गृह मंत्री अमित शाह के ऑफिस के बाहर धरना दिया। 

तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं ने दावा किया कि उन्हें जबरन उस स्थान से हटा दिया गया जहां वे प्रदर्शन कर रहे थे। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, "हम BJP को हराएंगे... देश देख रहा है कि दिल्ली पुलिस एक चुने हुए सांसद के साथ कैसा बर्ताव कर रही है।"

वहीं, TMC सांसद डेरेकब्रायन ने कहा, "आप देख रहे हैं कि यहां सांसदों के साथ क्या हो रहा है।" TMC सांसद प्रतिमा मंडल ने कहा, "अमित शाह ने ED के अधिकारियों का इस्तेमाल किया और वे हमारे राजनीतिक दस्तावेज छीनने के लिए वहां गए। वे (BJP) पश्चिम बंगाल में चुनाव नहीं जीत सकते, इसीलिए वे ऐसा घटिया काम कर रहे हैं।"


एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन और महुआ मोइत्रा के साथ पार्टी के अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर संसद मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया। अधिकारी ने कहा, "उन्हें जल्द ही रिहा कर दिया जायेगा।" अधिकारी ने यह भी कहा कि सुरक्षा चिंताओं के कारण गृह मंत्रालय के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है।

तख्तियां लिए और ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए टीएमसी के आठ सांसदों ने कर्तव्य भवन में प्रवेश करने की कोशिश की। गृह मंत्रालय का कार्यालय अब कर्तव्य भवन में है। अधिकारी ने बताया कि सांसदों को भवन में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने गेट पर प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि बाद में दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरन प्रदर्शन स्थल से हटा दिया। प्रदर्शन में हिस्सा लेने वालों में पार्टी सांसद ओ'ब्रायन, शताब्दी रॉय, महुआ मोइत्रा, बापी हलदर, साकेत गोखले, प्रतिमा मंडल, कीर्ति आजाद और शर्मिला सरकार शामिल थे।

आज ममता बनर्जी भी करेंगी मार्च

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शुक्रवार दोपहर 2 बजे राजनीतिक कंसल्टेंसी फर्म I-PAC और कोलकाता में इसके डायरेक्टर प्रतीक जैन के घर पर ED की छापेमारी के खिलाफ विरोध रैली करेंगी। विरोध प्रदर्शन के अलावा, तृणमूल कांग्रेस और ED के बीच टकराव कलकत्ता हाई कोर्ट में भी देखने को मिलेगा, जहां जांच एजेंसी ने तलाशी के दौरान दखलअंदाजी का आरोप लगाया है।

ये छापेमारी कथित तौर पर कई करोड़ रुपये के कोयला चोरी घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा थीं। ED की छापेमारी के बीच बनर्जी अचानक जैन के घर और ऑफिस पहुंच गईं। सीएम ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी तीन महीने से भी कम समय में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी दस्तावेजों को जब्त करने की कोशिश कर रही है।

ममता का विरोध मार्च 8B बस स्टैंड से शुरू होगा और दोपहर 2.00 बजे हजरा मोड़ तक जाएगा। यह विरोध बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा I-PAC ऑफिस पर की गई छापेमारी के जवाब में किया जा रहा है, जो कथित फर्जी सरकारी नौकरी घोटाले से जुड़ा है।

इस मुद्दे पर बात करते हुए बनर्जी ने कहा, "सुबह 6.00 बजे से वे आए और पार्टी का डेटा, लैपटॉप, स्ट्रैटेजी और मोबाइल फोन ज़ब्त कर लिए। उनके फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने सारा डेटा ट्रांसफर कर लिया। मेरा मानना ​​है कि यह एक अपराध है।" उन्होंने केंद्रीय एजेंसी पर गैर-कानूनी तरीके से पार्टी से जुड़ा डेटा ज़ब्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने को कहा।

ये भी पढ़ें- Land-for-Job Case: 'लालू यादव और उनके परिवार ने क्रिमिनल सिंडिकेट की तरह काम किया'; दिल्ली कोर्ट ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले में तय किए आरोप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।