Raipur Central Jail: आज के समय में रील का ट्रेंड बहुत ज्यादा चल गया है। लाइक्स और कमेंट्स के चक्कर में यूजर्स कुछ न कुछ सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। कई यूजर्स तो ऐसा कारनामा करते हैं कि प्रशासन को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ जाता है। ऐसा ही एक रील इस समय खूब वायरल हो रहा है, जिसमें महिला कह रही है "आज मेरे जान का जन्मदिन है," और मैं उनसे मिलने सेंट्रल जेल आई हूं। मुझे दुख है कि मैं उनके जन्मदिन पर उनके साथ नहीं हूं, लेकिन मैं यहां उनसे मिलने आई हूं तो मैं उनका रिएक्शन देखना चाहती हूं।" दरअसल, इस वीडियो की लोकेशन रायपुर सेंट्रल जेल बताई जा रही है।
वीडियो में कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से रायपुर सेंट्रल जेल में मिलने आई है, जिससे जेल के अंदर सुरक्षा जांच और आगंतुकों की स्क्रीनिंग को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
कैदी और लड़की पोज देते आए नजर
बाद में लड़की ने वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए बताया कि वह अपने प्रेमी से उसके जन्मदिन पर मिलने आई थी और जेल के बाहर उसके साथ जन्मदिन न मना पाने पर दुख व्यक्त किया। वीडियो में फिल्म खुदा गवाह का गाना "तू ना जा मेरे बादशाह" जोड़ा गया है।
बता दें कि जेल के सभा क्षेत्रों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल सख्त वर्जित है, इसलिए यह सवाल उठ रहा है कि मिलने आई लड़की जेल के अंदर फोन कैसे ले गई। इस घटना से एंट्री प्वाइंट पर तलाशी प्रक्रियाओं या निगरानी प्रणालियों में संभावित खामियों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
अधिकारी वीडियो की जांच करेंगे
जेल अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, और एक अधिकारी ने कहा कि वे मामले की जांच करेंगे।
सूत्रों ने कैदी की पहचान तारकेश्वर के रूप में की है, जिसे NDPS एक्ट के तहत जेल में रखा गया है।
पहले भी जेल से ऐसे ही वीडियो क्लिप आए हैं सामने
यह पहली बार नहीं है जब जेल के अंदर कथित तौर पर फिल्माए गए वीडियो ऑनलाइन सामने आए हैं। इससे पहले, जेल परिसर के अंदर कैदियों के व्यायाम करते हुए क्लिप ने भी जेल के अंदर निगरानी और प्रवर्तन को लेकर सवाल खड़े किए थे।