जम्मू से श्रीनगर सिर्फ 5 घंटे में... 30 अप्रैल से दौड़ेगी वंदेभारत, जानिए इसका पूरा शेड्यूल, स्टॉपेज और किराया

Vandebharat Express Train: अभी तक श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेनें कटरा रेलवे स्टेशन से चलती हैं। लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब इस रूट पर ट्रेनों की सुविधा बढ़ाई जा रही है। रेलवे इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेनों के दो जोड़े चलाएगा। हर ट्रेन में 20 कोच होंगे, जबकि अभी जो ट्रेनें चल रही हैं, उनमें सिर्फ 8-8 कोच हैं

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 4:02 PM
Story continues below Advertisement
अगले महीने से यात्रियों को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने की सुविधा मिलेगी।

Vandebharat Express Train: भारतीय रेलवे दिन ब दिन नया इतिहास रच रहा है। वहीं भारतीय रेलवे के इतिहास में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जल्द ही यात्री सीधे जम्मू से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन के जरिए सफर कर सकेंगे। बता दें कि, अगले महीने से यात्रियों को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने की सुविधा मिलेगी। रेलवे 30 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर के बीच पहली ट्रेन शुरू करने जा रहा है।

यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा

बता दें कि, अभी तक श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेनें कटरा रेलवे स्टेशन से चलती हैं। लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब इस रूट पर ट्रेनों की सुविधा बढ़ाई जा रही है। रेलवे इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेनों के दो जोड़े चलाएगा। हर ट्रेन में 20 कोच होंगे, जबकि अभी जो ट्रेनें चल रही हैं, उनमें सिर्फ 8-8 कोच हैं। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू से श्रीनगर के बीच इन ट्रेनों का कमर्शियल संचालन पहली ट्रेन शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद शुरू कर दिया जाएगा। इससे यात्रियों को और बेहतर और आसान सफर का फायदा मिलेगा।


अब नहीं बदलना पड़ेगा स्टेशन

इस नए विस्तार के बाद यात्री जम्मू से श्रीनगर तक का सफर पांच घंटे से भी कम समय में पूरा कर सकेंगे। यह समय सड़क के मुकाबले काफी कम है, जिससे यात्रा तेज और आरामदायक हो जाएगी। एक अधिकारी के मुताबिक, इस सुविधा से उन परेशानियों का अंत हो जाएगा, जिनका सामना अब तक श्रीनगर जाने वाले रेल यात्रियों को करना पड़ता था। पहले देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले यात्रियों को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद कटरा रेलवे स्टेशन जाना पड़ता था, ताकि वे श्रीनगर के लिए ट्रेन पकड़ सकें। अब यात्री सीधे जम्मू तवी स्टेशन पर ही ट्रेन बदल सकेंगे।

ट्रेन में लगी ये खास टेक्नोलॉजी

अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस ट्रेन को इस इलाके के कठिन पहाड़ी रास्तों और कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस में खास ‘विंटराइजेशन टेक्नोलॉजी’ लगाई गई है, जिससे यह ट्रेन शून्य से नीचे तापमान में भी बिना किसी रुकावट के चल सकेगी।

यहां देखें पूरा रूट और टाइमिंग

वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 02601) जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन है। यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे जम्मू तवी से रवाना होती है, इसके बाद इसका एकमात्र स्टॉप कटरा में है, जहां यह 11:54 बजे पहुंचेगी और 5 मिनट रुककर 11:59 बजे चलेगी। इसके बाद ट्रेन सीधे श्रीनगर पहुंच जाएगी, जहां इसका आगमन समय 15:05 बजे है। पूरी यात्रा लगभग 4 घंटे 35 मिनट में पूरी होती है और कुल दूरी 267 किलोमीटर है।

कितना होगा किराया

जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के किराए की बात करें तो एसी चेयर कार का किराया 1500 से 1600 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का टिकट 2200-2500 रुपये होने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।