गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में आम की बहार छा जाती है। भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में आम के दीवाने बड़ी तादात में देखने को मिल जाएंगे। कई लोग तो मजाक में यहां तक कहते हैं कि उन्हें गर्मी सिर्फ इसलिए पसंद है क्योंकि इस मौसम में आम खाने को मिलता है। वहीं दुनियाभर में भारतीय आम के तो लाखों लोग दीवाने हैं। अपनी मिठास, स्वाद और लोकप्रियता के कारण भारतीय आमों ने लोगों की दिलों में एक अलग ही जगह बनाया है। वहीं भारत से विदेशों में जाने वाली आमों की लिस्ट में अब एक और नाम जुड़ गया है। झारखंड के सिमडेगा जिले से यूनाइटेड किंगडम को 'आम्रपाली' आमों की पहली खेप भेजा गया है।
