Kal Ka Mausam: नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही उत्तर भारत में मौसम बदलने लगा है। उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों पर सर्दी और कोहरे का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, 30 नवंबर को देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। वहीं कहीं जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं पहाड़ों पर भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं कल कैसा होगा मौसम
यूपी में सर्दी के साथ अब कोहरे की परेशानी भी बढ़ने वाली है। आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 1 दिसंबर तक सुबह घना कोहरा छा सकता है। इसके कारण सड़कों पर साफ दिखाई देना मुश्किल होगा और गाड़ियों के साथ ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं। सोमवार को प्रदेश में तापमान गिरने से सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी। वहीं दूसरी ओर, बिहार और झारखंड में भी ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते पारा थोड़ा नीचे जा सकता है, जिससे सुबह-शाम सर्दी ज्यादा महसूस होगी।
आईएमडी के मुताबिक, 30 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम के समय ठंड लग सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में सुबह धुंध छाई रहेगी, वहीं कुछ जगहों पर मध्यम स्तर का कोहरा पड़ सकता है। इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लोगों को मौसम को देखते हुए सावधानी रखने की अपील की गई है।
इन जगहों पर होगा घना कोहरा
IMD के अनुसार, 1 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरी पंजाब में 2 दिसंबर तक कोहरे का असर बना रहने की आशंका है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश में 3 दिसंबर तक सुबह के समय बेहद घना कोहरा छा सकता है।