उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति को अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों की गला काटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उनके ही घर में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी रविवार तड़के मिली। घटना के बाद आरोपी की पत्नी ने उस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसका पति शराब पीने का आदी था, अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और कई बार उसे खाना तक नहीं देता था।
दोनों की शादी साल 2014 में लव मैरिज के तौर पर हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद उनके रिश्ते में तनाव शुरू हो गया। पत्नी रेशमा छेत्री का कहना है कि उसके पति ने पूरे घर में, यहां तक कि अपने कमरे में भी सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। रेशमा ने आरोप लगाया कि जब भी वह अपने माता-पिता के घर जाने की कोशिश करती थी, तो उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। उसने यह भी बताया कि उसका पति बार-बार उससे कहता था कि वह बेटे को लेकर चली जाए, जबकि बेटियों को वह अपने पास ही रखना चाहता था।
पति से होता था अक्सर झगड़ा
पत्नी कुछ समय के लिए घर छोड़कर चली गई थी, लेकिन अपनी बेटियों के लिए उसे वापस आना पड़ा। रेशमा छेत्री ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ मायके चली गई थी, क्योंकि उसके पति ने उसे जुड़वां बेटियों को साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी थी, इसलिए बेटियों को उसे घर पर ही छोड़ना पड़ा। मीडिया से बातचीत में रेशमा ने कहा कि करीब नौ महीने बाद वह वापस लौटी, क्योंकि बेटियों के बिना रहना उसके लिए बहुत मुश्किल हो गया था। उसने यह भी बताया कि उसे अपने पति के कमरे में जाने की इजाज़त नहीं थी। रेशमा के अनुसार, उसका पति अक्सर कहता था कि वह खुद को और अपनी जुड़वां बेटियों को मार देना चाहता है।
रात में पिता के पास सो रही थी बेटियां
रेशमा छेत्री ने इस दर्दनाक घटना से पहले के कुछ घंटों के बारे में बताया कि उस रात सब कुछ सामान्य लग रहा था। पूरे परिवार ने साथ में खाना खाया, जिसके बाद उसका पति जुड़वां बेटियों को अपने कमरे में सुलाने के लिए ले गया। रेशमा के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में उसने देखा कि उसका पति काफी देर तक फोन पर बात करता रहा। उसने यह भी बताया कि रात करीब 2:30 बजे उसका पति अपनी एक बेटी को बाथरूम में ले गया और कुछ देर बाद वापस कमरे में आ गया, जिसे देखकर उसे शक हुआ।
सुबह मिली दोनों बेटियों की लाश
रेशमा छेत्री ने बताया कि इसके बाद उसके पति ने कमरे की लाइट बंद कर दी। उसके बाद कमरे से कोई आवाज नहीं आई, जिससे उसे लगा कि अंदर सभी लोग सो गए हैं। रेशमा के मुताबिक, उन्हें यह तक पता नहीं चला कि उनकी बेटियों की हत्या कब हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। रेशमा ने यह भी बताया कि इस मामले की सूचना खुद उसके पति ने ही पुलिस को दी थी। दोनों बच्चियों के शव घर के अंदर मिले, जिनके गले पर गहरे चोट के निशान थे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि सबूत इकट्ठा किए जा सकें।
दोनों बच्चियों के पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि इस दोहरी हत्या के पीछे की वजह पता चल सके। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।