Karnataka CM News: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफे का किया ऐलान! 3 बजे होगी आधिकारिक घोषणा, अब डीके शिवकुमार बनेंगे नए सीएम

Karnataka CM News: खबर आ रही है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफे की जानकारी कैबिनेट सहयोगियों को दे दी है। सूत्रों ने बताया कि इसकी आधिकारिक घोषणा दोपहर तीन बजे की जाएगी। एक मंत्री ने बताया कि डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार अब कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनेंगे

अपडेटेड May 28, 2026 पर 11:16 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Karnataka CM News: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है

Karnataka CM News: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार गुरुवार (28 मई) को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा बुलाई गई ब्रेकफास्ट बैठक के लिए उनके आवास पर पहुंचे। बेंगलुरु में मुख्यमंत्री आवास पर नाश्ते की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक-दूसरे को गर्मजोशी से गले लगाया। इस दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर भी छुए। इस बीच, खबर आ रही है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मीटिंग के दौरान अपने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है।

सूत्रों ने बताया कि डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार अब कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। बताया जा रहा है कि 77 साल के अनुभवी नेता सिद्धारमैया आज दोपहर तीन बजे अपना इस्तीफा आधिकारिक तौर पर राज्यपाल थावरचंद गहलोत को सौंपेंगे।

बेंगलुरु में CM सिद्धारमैया की नाश्ते पर हुई बैठक के बाद कर्नाटक के मंत्री HK पाटिल ने ANI से कहा, "मुख्यमंत्री 3 बजे इस्तीफा देंगे। CM सिद्धारमैया ने कहा कि हम DK शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाएंगे, वही CM बनेंगे।"


कैबिनेट साथियों को दी जानकारी

न्यूज 18 के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्य मंत्रिमंडल को अपने पद से इस्तीफे के बारे में सूचित कर दिया है। सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने कैबिनेट सहयोगियों को बताया कि वह आज शीर्ष पद से हट जाएंगे। उनका यह बयान राज्य में कांग्रेस सरकार के भीतर एक बड़े नेतृत्व परिवर्तन की शुरुआत का संकेत है।

इस बीच, लोक भवन के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि सिद्धारमैया ने अभी तक राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय नहीं मांगा है। यह बयान उस खबर के एक दिन बाद आया जब बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय के शीर्ष सूत्रों ने कहा था कि सिद्धारमैया ने गुरुवार को गहलोत से मिलने का समय मांगा है।

कर्नाटक में नहीं हैं राज्यपाल

लोक भवन के अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल गहलोत इस समय मध्यप्रदेश के अपने गृह नगर इंदौर में हैं। जब लोक भवन के एक शीर्ष अधिकारी से पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है, तो उन्होंने कहा, "राज्यपाल यहां नहीं हैं। ऐसी कोई जानकारी नहीं है। अभी तक ऐसा कोई संदेश या सूचना नहीं आई है।"

उनके अनुसार राज्यपाल के लौटने के बाद सिद्धारमैया ही उनसे मिल सकेंगे। जब पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा लोक भवन सचिव को सौंप सकते हैं, तो अधिकारी ने कहा कि अगर सिद्धारमैया चाहें तो ऐसा कर सकते हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या यह राज्यपाल को सीधे सौंपने जितना ही मान्य होगा, अधिकारी ने पीटीआई से कहा, "हां। फिर जब राज्यपाल आएंगे तो वह इसकी पुष्टि करेंगे। प्रक्रिया के अनुसार राज्यपाल उन्हें व्यक्तिगत रूप से आकर इस्तीफा सौंपने के लिए भी कह सकते हैं।"

सीएम ने डीके शिवकुमार को लगाया गले

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ नाश्ता किया। उपमुख्यमंत्री एवं मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार डी.के. शिवकुमार तथा अन्य मंत्री भी इस बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक तस्वीर में सिद्धारमैया, शिवकुमार को गले लगाते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार शिवकुमार, सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं।

बेंगलुरु में अपने सरकारी आवास पर आयोजित ब्रेकफास्ट बैठक में सिद्धारमैया ने मंत्रियों से कहा कि उनके उत्तराधिकारी पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। सिद्धारमैया ने मीटिंग के दौरान अपने कैबिनेट सहयोगियों से कहा, "मैं हाई कमान के निर्देश पर इस्तीफा दे रहा हूं। अगले मुख्यमंत्री का फ़ैसला हाई कमान करेगा।"

कांग्रेस के अनुभवी नेता ने यह भी भरोसा दिलाया कि जो कोई भी उनका उत्तराधिकारी बनेगा, उसे उनका पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा, "जिसे भी अगले मुख्यमंत्री के तौर पर चुना जाएगा, उसे मेरा पूरा सहयोग मिलेगा।" माना जा रहा है कि शिवकुमार के नाम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Iran-US War Update: अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, ट्रंप बोले- होर्मुज स्ट्रेट पर किसी का कंट्रोल नहीं हो सकता

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।