Vijay’s Karur Rally Stampede: तमिलनाडु के करूर में थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रैली में हुई भीषण भगदड़ में 39 लोगों की जान चली गई। इस दुखद घटना पर पार्टी प्रमुख और अभिनेता विजय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस त्रासदी पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए वित्तीय सहायता का ऐलान किया है। उन्होंने भगदड़ में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिवारों को ₹20 लाख की सहायता राशि की घोषणा की है।
एक्टर विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक इमोशनल मैसेज शेयर किया है। उन्होंने लिखा, 'कल करूर में जो कुछ हुआ, उसके बारे में सोचना भी मेरी कल्पना से परे है। मेरा हृदय और मन गहरे सदमे से भर गया है।' विजय ने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पास इस दर्द को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने लिखा, ''मेरा हृदय जिस पीड़ा को सह रहा है, उसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द कम पड़ गए हैं। मेरी आंखे और मन दुख से भरे हुए हैं।'
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना
अपने मैसेज में विजय ने उन सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, जो घायल हैं और अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया, 'मैं आपको यह भी विश्वास दिलाता हूं कि हमारी तमिलगा वेत्री कझगम पार्टी इलाज करा रहे हमारे प्रियजनों को सभी आवश्यक सहायता मजबूती से प्रदान करती रहेगी।'
पीड़ितों के लिए किया वित्तीय सहायता का ऐलान
अपनी संवेदना व्यक्त करने के साथ ही, विजय ने त्रासदी से प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल वित्तीय सहायता की घोषणा की है। भगदड़ में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिवारों को ₹20 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल और अस्पताल में इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को ₹2 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
करूर रैली में सुरक्षा व्यवस्था की चूक और अत्यधिक भीड़ के कारण 39 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इस हादसे के बाद, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। अब विजय की यह घोषणा दुःख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को कुछ राहत प्रदान करने की उम्मीद है।