Islam-Friendly Gym: नो म्यूजिक और हिजाब में वर्कआउट... केरल में खुला 'इस्लाम-फ्रेंडली' जिम, शरिया आधारित गाइडलाइंस पर भारी बवाल

Kerala Islam-Friendly Gym: केरल में खुले एक 'इस्लाम-फ्रेंडली जिम' को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। कई लोग इस कॉन्सेप्ट पर सवाल उठा रहे हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब पलक्कड़ जिले के पुथुनगरम इलाके में स्थित इस जिम के मालिक ने एक प्रमोशनल वीडियो जारी किया। कथित तौर पर यहां शरिया आधारित गाइडलाइंस लागू किया गया है

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 2:24 PM
Kerala Islam-Friendly Gym: जिम में शरिया आधारित गाइडलाइंस को लेकर भारी बवाल मचा हुआ है

Kerala Islam-Friendly Gym: केरल में एक जिम पूरे देश में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। हालांकि वह अपने उपकरणों की वजह से नहीं, बल्कि शरिया आधारित नियमों की वजह से चर्चा में है। जिम के मालिक ने घोषणा की है कि उनका फिटनेस सेंटर केरल का पहला 'इस्लाम-फ्रेंडली' जिम है। केरल के पलक्कड़ जिले के पुथुनगरम इलाके में फिटनेस सेंटर ने खुद को 'इस्लाम-अनुकूल जिम' में बदलने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच नई बहस शुरू हो गई है।

जिम मालिक की ओर से यह घोषणा इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए शेयर की गई थी। पोस्ट में बताया गया कि पिछले 15 वर्षों से चल रहा यह जिम अब शरिया आधारित गाइडलाइंस के अनुसार काम करेगा। इसके लिए जिम में कुछ नए नियम लागू किए जाएंगे। घोषणा के अनुसार, जिम के अंदर म्यूजिक बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग समय तय किया जाएगा, ताकि दोनों एक साथ वर्कआउट न कर सकें।

इस्लामी ड्रेस कोड भी लागू!


वीडियो मैसेज में कहा गया है कि जिम में आने वाले लोगों के लिए ड्रेस कोड भी लागू किया जाएगा। इसके तहत जिम के सदस्यों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वर्कआउट के दौरान उनके शरीर के वे हिस्से पूरी तरह ढके रहें, जिन्हें इस्लामी परंपराओं के अनुसार ढकना जरूरी माना जाता है। जिम मालिक का कहना है कि पुरुष और महिला सदस्य अलग-अलग समय पर ही वर्कआउट करेंगे। वहीं महिला सदस्यों को ऐसे कपड़े पहनने होंगे जो धार्मिक मानकों के अनुसार उनके शरीर को पूरी तरह ढकें।

हिजाब पहनना अनिवार्य

कुछ मीडिया रिपोर्टों में हिजाब पहनने की भी बात कही गई है। जिम के मालिक नवाज मुथु टी ने इस पहल को केरल का पहला 'इस्लाम-फ्रेंडली जिम' बताया है। हालांकि इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करने वाला कदम बताया। जबकि कई लोगों ने इस तरह की अलग व्यवस्था की जरूरत और उसके प्रभाव पर सवाल उठाए।

विवाद के बाद वीडियो हटाया

विवाद बढ़ने के बाद इंस्टाग्राम पर डाला गया मूल वीडियो हटा लिया गया। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर चर्चा जारी है। जिम के मालिक और प्रस्तावित बदलावों से जुड़ी कई जानकारियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। कुछ लोगों ने यह चिंता भी जताई है कि भविष्य में इस तरह के केंद्र केवल फिटनेस गतिविधियों तक सीमित रहेंगे या उनमें अन्य प्रकार के ट्रेनिंग भी शामिल किए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Mamata Banerjee: क्या ममता बनर्जी का पॉलिटिकल करियर खत्म? दिल्ली में एक मुलाकात और बंगाल में सिर्फ 13 दिन में बिखर गई TMC

फिलहाल यह मामला धार्मिक और सांस्कृतिक प्राथमिकताओं के आधार पर चल रहे विशेष फिटनेस केंद्रों की भूमिका और उनके सामाजिक प्रभाव को लेकर बहस का विषय बना हुआ है। जिम का प्रमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।