Ladli Behna Yojana: क्या मध्य प्रदेश की सरकार अब 'लाड़ली बहना योजना' को बंद करने की तैयारी कर रही है? यह सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य सरकार की प्रमुख 'लाड़ली बहना योजना' को 'बहुत खर्चीला' करार दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि इससे राज्य के खजाने पर इतना भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, CM मोहन यादव ने राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित 'बुंदेली समागम' के दौरान बुंदेली इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी के एक सवाल के जवाब में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के साथ इस योजना से जो वित्तीय जिम्मेदारी आएगी, उसका उन्होंने थोड़ा सा भी अंदाजा नहीं लगाया था।
