Kalka-Shimla Heritage Railway: लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे लाइन पर भूस्खलन होने से ट्रेन सेवा प्रभावित हो गई। TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भूस्खलन के चलते गुम्मन और कोटी रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक बाधित हो गया, जिससे करीब 172 यात्री रास्ते में फंस गए।
रिपोर्ट में बताया गया है कि दोपहर 3.15 बजे भूस्खलन की सूचना मिली, जिसके बाद रेलवे ने दोपहर 3.28 बजे कोटी स्टेशन पर ट्रेन नंबर 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस को रोक दिया। इस दौरान रेलवे की टीमों ने लाइन पर आवाजाही बहाल करने के लिए तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।
रेलवे ने यात्रियों को सड़क से भेजने का बनाया प्लान
यात्रियों के रेल से आगे न बढ़ पाने के कारण, रेलवे ने उन्हें सड़क मार्ग से कालका भेजने का इंतजाम किया। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि लगातार बारिश की वजह से कालका और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक के कारण ट्रांसपोर्ट का इंतजाम करने में काफी मुश्किलें आईं।
इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने स्थानीय सेना के अधिकारियों से संपर्क किया और फंसे हुए यात्रियों को ले जाने के लिए सेना की तीन गाड़ियां मंगवाईं। ये गाड़ियां शाम करीब 6:10 बजे कोटी पहुंचीं और यात्रियों को सुरक्षित कालका रेलवे स्टेशन पहुंचाया।
रेलवे ने कनेक्टिंग ट्रेनों पानी और नाश्ते का किया इंतजाम
रिपोर्ट के अनुसार, यात्री शाम करीब 7:20 बजे कालका पहुंचे। रेलवे अधिकारियों ने इंतजाम करते समय उनकी आगे की यात्रा और कनेक्टिंग ट्रेनों का भी ध्यान रखा। कालका में यात्रियों को पीने का पानी और नाश्ता दिया गया, और रेलवे अधिकारियों ने उनकी आगे की यात्रा के लिए इंतजाम करने में मदद की। अधिकारियों ने बताया कि इस रुकावट के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम थी और खराब मौसम के बीच हालात पर लगातार नजर रखी जा रही थी।