Pahalgam Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना ने आतंकियों को खत्म करने के लिए एक साथ कई ऑपरेशन शुरू किए हैं। अब सेना ने आतंकियों को लेकर एक लिस्ट तैयार की है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, शोपियां और पुलवामा जिलों में सक्रिय 14 आतंकवादियों की एक लिस्ट तैयार की गई है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियों ने साजिश में शामिल स्थानीय आतंकवादियों की तलाश तेज कर दी है।
इस लिस्ट के मुताबिक, 8 आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से, जबकि 3-3 आतंकी जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हुए हैं। इनमें से एक लश्कर आतंकवादी एहसान उल हक के खिलाफ हाल ही में बड़ी कार्रवाई भी हुई है। सुरक्षा बलों ने पुलवामा स्थित उसके घर को ध्वस्त कर दिया। अब तक सेना ने 7 आतंकियों के घर तहस-नहस कर दिया है। इसके अलावा 2 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है।
खुफिया एजेंसियों ने पहलगाम आतंकी हमले के सिलसिले में 14 सक्रिय आतंकवादियों की पहचान की है
पहलगाम हमले के बाद कई आतंकियों पर कार्रवाई
पहलगाम आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियों ने 14 आतंकवादियों की सूची जारी करने के साथ-साथ और भी कई संदिग्धों पर कार्रवाई की है। इनमें त्राल के आसिफ शेख, बिजबेहरा के आदिल गुरी, शोपियां के शब्बीर अहमद कुट्टे और कुलगाम के जाकिर गनी का नाम शामिल है। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, ये सभी आतंकी अप्रैल 2025 तक घाटी में सक्रिय थे।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने उठाए सख्त कदम
कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बैसरन मैदान में आतंकियों ने फायरिंग कर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। इसे 2019 के पुलवामा हमले के बाद कश्मीर में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।
इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए। इसमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी के एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) को बंद करना और पाकिस्तानी नागरिकों के लिए SAARC वीज़ा छूट योजना को रद्द करना शामिल है। इसके अलावा, भारत ने अपने उच्चायोग में पाकिस्तानी अधिकारियों की संख्या भी कम करने का फैसला किया।