दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में आने वाले बेगमपुर इलाके में शुक्रवार, 26 सितंबर की सुबह एक पार्क के पास दो अज्ञात हमलावरों ने एक स्थानीय कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। मरने वाले की पहचान बेगमपुर निवासी लखपत सिंह कटारिया के रूप में हुई है। 55 वर्षीय कटारिया एक प्रॉपर्टी डीलर थे। पीटीआई के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि गोलीबारी की घटना के संबंध में सुबह लगभग 9 बजकर 53 मिनट पर मालवीय नगर पुलिस थाने पर पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) कॉल आई।
घटना के बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। कटारिया रोज सुबह सैर पर जाते थे। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने कटारिया पर पहले बैट जैसी किसी चीज से हमला किया। उसके बाद गोलियां चलाईं और एक अज्ञात मोटरसाइकिल से फरार हो गए। गोलियों की आवाज से दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना विजय मंडल पार्क की है। पुलिस को कॉल पार्क के गार्ड ने की थी।
मामला दर्ज, शुरू हुई जांच
एक पुलिस सूत्र ने बताया, "कटारिया पार्क में टहल रहे थे, तभी 2 अज्ञात लोग उनके पास आए। बहस हाथापाई में बदल गई। एक हमलावर ने पिस्तौल से 3 राउंड फायरिंग करने से पहले उन पर बैट जैसी किसी चीज से हमला किया।" इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गोलियों के खोखे और अन्य सबूत इकट्ठा किए हैं और पार्क के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि कटारिया का बेगमपुर में जमीन के एक टुकड़े को लेकर कुछ स्थानीय झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के साथ विवाद चल रहा था। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों को शक है कि हत्या के पीछे यही रंजिश हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। प्रॉपर्टी डीलर कटारिया के परिवार में उनकी पत्नी वीरवती और बेटा शिवम हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, हत्यारों की पहचान कर ली गई है।
दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
कांग्रेस पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं ने घटना की निंदा की है और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपराध लगातार बढ़ रहा है। भाजपा सरकार में मॉर्निंग वॉक करना भी सुरक्षित नहीं रहा।