Maharashtra civic polls: कांग्रेस ने बुधवार (7 जनवरी) को महाराष्ट्र की अंबरनाथ नगरपालिका परिषद के लिए हाल में निर्वाचित अपने 12 पार्षदों और ब्लॉक अध्यक्ष को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन करने के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया। ठाणे जिले के अंबरनाथ कस्बे में बीजेपी ने कांग्रेस और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के साथ चुनाव के बाद समझौता किया था। बहुमत के जादुई आंकड़े 31 सीट को प्राप्त करने में सफल हुई। हालांकि, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 27 सदस्यों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।
प्रतिद्वंद्वी पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर हुए विवाद के बाद मुख्य विपक्षी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। कांग्रेस ने अपने अंबरनाथ ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप पाटिल को भी निलंबित कर दिया है। पार्टी की महाराष्ट्र इकाई ने एक पत्र में उन्हें सूचित किया है कि ब्लॉक इकाई भी भंग कर दी गई है।
पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए सभी पार्षदों को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। इसमें कहा गया कि स्थानीय निकाय में बीजेपी के साथ गठबंधन करने का निर्णय पार्टी के राज्य नेतृत्व को सूचित किए बिना लिया गया था।
इसी बीच, कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा, "स्थानीय स्तर पर शिवसेना के कथित भ्रष्टाचार का विरोध करने के लिए निर्दलीय पार्षदों सहित कई पार्षदों ने पार्टी चिह्नों और संबद्धताओं को दरकिनार करते हुए अंबरनाथ विकास मोर्चा (अंबरनाथ विकास अघाड़ी) का गठन किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस और BJP के बीच कोई औपचारिक गठबंधन नहीं है। लेकिन समर्थन बिना अनुमति के किया गया था, इसलिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।" कांग्रेस के 12, BJP के 14, NCP के चार और एक निर्दलीय नवनिर्वाचित पार्षद ने 31 दिसंबर को भाजपा के स्थानीय कार्यालय में बैठक की। फिर गठबंधन बनाने की जानकारी ठाणे के जिला अधिकारी को देते हुए एक पत्र सौंपा।
अंबरनाथ नगर निकाय सदन में कुल 60 सदस्य हैं। 20 दिसंबर को हुए चुनावों में शिवसेना ने 27 सीटें जीतीं, जो बहुमत से मात्र चार कम थीं। बीजेपी को 14, कांग्रेस को 12, बीजेपी को चार सीट मिलीं। जबकि दो निर्दलीय उम्मीदवार भी निर्वाचित हुए।
महाराष्ट्र में दो नगर निकायों में चुनाव के बाद बीजेपी ने अपने विरोधी दलों कांग्रेस और AIMIM के साथ कथित तौर पर गठबंधन कर लिया है। हालांकि, फडणवीस ने ऐसे गठबंधनों को खारिज करते हुए कहा है कि इसमें शामिल पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अकोला जिले की अकोट नगर परिषद में बीजेपी ने असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मज्लिस -ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन और कुछ अन्य दलों के साथ गठबंधन किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने साफ कहा कि ऐसे गठबंधनों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी नहीं है। यह अनुशासन के खिलाफ है।