Maharashtra Local Body Election Results 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले 'महायुति' गठबंधन ने पूरे महाराष्ट्र में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में बड़ी बढ़त बना ली है। शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ गठबंधन 288 स्थानीय निकायों में से अधिकांश सीटों पर आगे दिख रहा है। वहीं, कांग्रेस की अगुवाई वाली विपक्षी गठबंधन महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) काफी पीछे चल रही है। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेता केशव उपाध्याय ने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों के शुरुआती रुझानों के अनुसार पार्टी ने राज्य के कई हिस्सों में बढ़त बना ली है।
महाराष्ट्र में 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के लिए हुए चुनावों के आधिकारिक परिणाम अभी राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नहीं किए गए हैं। प्रदेश बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता उपाध्याय ने कहा कि विदर्भ में 100 में से 58 सीट पर पार्टी बढ़त बनाए हुए है। जबकि शिवसेना आठ और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) सात सीट पर आगे है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 23 सीट पर आगे है। जबकि शिवसेना (UBT) और NCP (एसपी) किसी भी सीट पर आगे नहीं हैं। अन्य पार्टियां चार सीट पर आगे हैं। उपाध्याय ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने मराठवाड़ा की 52 सीटों में से 25 सीटों पर बढ़त बना ली है। उन्होंने कहा कि शिवसेना आठ सीट पर और NCP छह सीट पर आगे है।
BJP नेता ने कहा कि उत्तरी महाराष्ट्र में जहां 49 सीट हैं वहां बीजेपी 18 सीट पर, शिवसेना 11 सीट पर और एनसीपी सात सीट पर आगे है। जबकि कांग्रेस पांच सीट पर, शिवसेना (UBT) दो सीट पर, NCP (एसपी) एक सीट पर और अन्य पांच सीट पर आगे हैं। उपाध्याय ने कहा कि पश्चिमी महाराष्ट्र की 60 सीट में से 19 सीट पर बीजेपी आगे है।
जबकि शिवसेना 14 और एनसीपी 12 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस तीन सीट पर, शिवसेना (UBT) एक सीट पर, शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (एसपी) चार सीट पर और अन्य सात सीट पर आगे है। कोंकण क्षेत्र की 27 सीट में से BJP 9 सीट पर, शिवसेना 10 सीट पर, NCP एक सीट पर, शिवसेना (UBT) और NCP (एसपी) एक-एक सीट पर और अन्य चार सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
बीजेपी ने किया 250 सीटों पर जीत का दावा
महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने दावा किया कि उनकी पार्टी को निर्णायक जनादेश मिला है। चव्हाण ने कहा कि मतदाताओं ने विपक्ष के झूठे प्रचार को खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि 'महायुति' ने 288 में से 250 से अधिक परिषदों, नगर पंचायतों और नगर परिषदों में जीत हासिल की है। बीजेपी के उम्मीदवारों ने 236 में से 134 पार्षद पदों और 3,000 से अधिक पार्षद सीटों पर जीत हासिल की है।
महायुति में बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल है। चव्हाण ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब सारा ध्यान मुंबई पर होगा, जहां 15 जनवरी को 28 अन्य नगर निगमों के साथ स्थानीय निकाय चुनाव होंगे। इसके अगले दिन 16 जनवरी को मतगणना होगी।
चव्हाण ने दावा किया, "चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष ने तरह-तरह के आरोप लगाए, लेकिन जनता ने उनकी पोल खोल दी। उद्धव ठाकरे ने खुद कहा कि उनके पास जनता को देने के लिए कुछ नहीं था और इसीलिए उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उनकी पार्टी विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए भी दो अंकों में जीत हासिल नहीं कर पाई।"
उन्होंने कहा, "परिषद, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में मतदाताओं ने विपक्ष के झूठे दावों को खारिज कर दिया है। अब मुंबईवासी भी आगामी बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के चुनावों में विपक्ष के दावों को खारिज कर देंगे।"