Maharashtra Murder Case: महाराष्ट्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। इंदौर के युवा कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के सनसनीखेज खुलासे के बीच सांगली में एक 27 वर्षीय महिला ने शादी के महज 15 दिन बाद ही अपने पति की हत्या कर दी है। देर रात मामूली झगड़े के बाद पत्नी ने सो रहे पति की कुल्हाड़ी से वार कर जान ले ली। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे की है। उस वक्त महिला का पति 53 वर्षीय अनिल लोखंडे उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था जिसके बाद पत्नी ने उस पर हमला कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सांगली जिले में कुपवाड तहसील के रहने वाले लोखंडे की यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली पत्नी की कैंसर से मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार शादी के बाद शारीरिक संबंध बनाने को लेकर लोखंडे और उनकी पत्नी राधिका के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
कुपवाड एमआईडीसी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, "इस बात से नाराज राधिका ने अपने पति पर कुल्हाड़ी से उस समय जानलेवा हमला कर दिया जब वह सो रहा था।" उन्होंने बताया कि बाद में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
बता दें कि मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी 29 वर्षीय राजा रघुवंशी की हत्या में उनकी 25 वर्षीय पत्नी सोनम कथित रूप से शामिल थी जिसने वहां भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। मेघालय पुलिस ने हत्याकांड के चार संदिग्धों को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। मेघालय पुलिस के इस खुलासे के बाद राजा रघुवंशी के परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई है। यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
त्रिपुरा में प्रेमी की निर्मम हत्या
इस बीच, त्रिपुरा में प्रेम प्रसंग के एक मामले में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और उसके शव को आइसक्रीम फ्रीजर में छिपाकर रख दिया गया। पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति का 20 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध था। जबकि दूसरी ओर युवती का चचेरा भाई भी उससे प्रेम करता था।
उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए झगड़े के बाद से प्रेमी युगल एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे थे और चचेरे भाई को इसकी भनक लग गई। पुलिस ने बताया कि युवती के चचेरे भाई ने उसके प्रेमी की हत्या की साजिश रची और उसे आठ जून को पश्चिमी त्रिपुरा के दक्षिण इंदिरानगर में अपने एक रिश्तेदार के घर बुलाया।
उन्होंने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले महिला के चचेरे भाई ने वहां मौजूद तीन अन्य लोगों की मदद से युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना के सिलसिले में युवती के चचेरे भाई के माता-पिता सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।