बंगाल चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका! मोयना के नेता चंदन मंडल हुए TMC में शामिल

Bengal Election: कोलकाता स्थित तृणमूल भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से TMC की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वे मोयना के मौजूदा विधायक और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अशोक डिंडा के कामकाज से संतुष्ट नहीं थे

अपडेटेड Feb 13, 2026 पर 6:25 PM
Story continues below Advertisement
विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पूर्वी मेदिनीपुर जिले के मोयना विधानसभा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला है। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्थानीय नेता चंदन मंडल ने पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस (TMC) का दामन थाम लिया है।

कोलकाता स्थित तृणमूल भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से TMC की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वे मोयना के मौजूदा विधायक और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अशोक डिंडा के कामकाज से संतुष्ट नहीं थे।

चंदन मंडल का दावा है कि मोयना इलाके की बड़ी आबादी मछली पालन पर निर्भर करती है, लेकिन इस क्षेत्र के विकास के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक रहते हुए भी इलाके की बुनियादी समस्याओं पर गंभीरता से काम नहीं किया गया। वहीं, TMC में शामिल होने के बाद चंदन मंडल ने बताया कि उन्होंने विकास के मकसद से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से बातचीत की थी। उसी के बाद उन्होंने पार्टी बदलने का फैसला लिया।


TMC की सदस्यता लेने के बाद चंदन मंडल ने कहा, "यह सिर्फ राजनीतिक फैसला नहीं है, बल्कि नैतिक फैसला भी है। मैं बचपन से मोयना के लोगों के साथ रहा हूं और उनके लिए काम करना चाहता हूं। मेरी कोशिश है कि मैं ऐसा काम करूं कि लोग मुझे याद रखें। मैं मैना के लोगों के लिए कुछ ऐसा करना चाहता हूं कि मेरे मरने के बाद भी लोग मुझे याद रखें।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, मुझे खुद नहीं पता, मैं BJP का नेता कैसे बन गया।

उन्होंने मोयना की प्रमुख समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया। उनके मुताबिक हर मानसून में निचले इलाकों में जलभराव हो जाता है, सड़कें डूब जाती हैं और आम लोगों को भारी परेशानी होती है। साथ ही मछली पालन के लिए ताजे पानी की व्यवस्था भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने सुझाव दिया कि रूपनारायण नदी से पानी लाने की व्यवस्था की जाए और सड़कों की हालत सुधारी जाए। चंदन मंडल के मुताबिक TMC नेतृत्व ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इन मुद्दों पर सरकार गंभीरता से काम करेगी।

चुनाव से पहले BJP से TMC में यह दलबदल मोयना ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी मेदिनीपुर की राजनीति को प्रभावित कर सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे और राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिससे बंगाल का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।