Mathura Suicide: यूपी के मथुरा में दर्दनाक घटना! एक ही परिवार के 5 लोगों ने दी जान, दूध में जहर मिलाकर आत्महत्या की आशंका

Mathura Suicide Case: पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार (10 फरवरी) को बताया कि उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन थाना इलाके के एक गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए। पुलिस को शक है कि यह सामूहिक सुसाइड का मामला हो सकता है। मरने वालों में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं

अपडेटेड Feb 10, 2026 पर 2:32 PM
Story continues below Advertisement
Mathura Suicide Case: यूपी के मथुरा में एक ही परिवार को पांच सदस्यों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली

Mathura Suicide Case: भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार (10 फरवरी) को बताया कि उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन थाना इलाके के एक गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए। पुलिस को शक है कि यह सामूहिक सुसाइड का मामला हो सकता है। मरने वालों में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। यह घटना तब सामने आई जब गांव वालों को शक हुआ जब परिवार सुबह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आया।

पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांका और परिवार को बेसुध पड़ा देखकर चौंक गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को शवों के पास दूध के गिलास पड़े मिले। इससे शक हुआ कि दूध में कोई जहरीला पदार्थ मिलाया गया होगा। मौके पर एक फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है।

जहर खाकर दी जान?


न्यूज 18 के मुताबिक, यह मामला महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव का है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने कथित तौर पर जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में पति-पत्नी सहित तीन बच्चो की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, पूरे परिवार ने एक साथ जहर क्यों खाया इसके बारे में पता नहीं चल सका है। मथुरा पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट में आत्महत्या को लेकर नया दावा किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि व्यक्ति ने पहले तीन बच्चों की कथित तौर पर गला घोट कर रस्सी से हत्या की। उसके बाद पत्नी को ठोस वस्तु से मारा। फिर खुद को करंट लगाकर खुदकुशी कर लिया। महावन सर्कल ऑफिसर श्वेता वर्मा ने कहा कि घर से एक वीडियो मिला है। इससे पता चलता है कि परिवार ने यह कदम खुद उठाया।

अधिकारी ने कहा, "पहली नजर में ऐसा लगता है कि आदमी ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को मारा और फिर खुद भी जान दे दी। इस स्टेज पर किसी तीसरे पक्ष के शामिल होने का कोई संकेत नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि मामले के सभी पहलुओं की अच्छी तरह से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शव घर के अंदर बेहोशी की हालत में मिले और मेडिकल जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, शुरुआती शक जहरीली चीजें खाने का है। लेकिन मौत का सही कारण और समय पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।

सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को कथित तौर पर दीवार पर एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा, "मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मरे हैं। पुलिस किसी को परेशान नहीं करे।" सभी पांच शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

सीनियर पुलिस अधिकारी परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि परिवार पर कोई पैसे का तनाव, पारिवारिक तनाव या कोई और दबाव तो नहीं था।

ये भी पढ़े- Kanpur Lamborghini Crash: लैंबॉर्गिनी कार हादसे का CCTV फुटेज आया सामने, एक्सीडेंट होते ही शिवम मिश्रा को उठा ले गए बाउंसर, देखें वीडियो

परिवार की हाल की गतिविधियों और सामाजिक हालात की भी जांच की जा रही है। इस घटना से गांव में मातम छा गया है। पुलिस ने कहा कि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर सामने आएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।