Mayawati Birthday: मायावती की प्रेस कांफ्रेंस में शॉर्ट सर्किट से लखनऊ में अफरातफरी! बड़ा हादसा टला, देखें वीडियो

Mayawati Birthday: लखनऊ में BSP सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के बाद धुएं को बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करते हुए वीडियो सामने आए हैं। उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म हो गई

अपडेटेड Jan 15, 2026 पर 2:09 PM
Story continues below Advertisement
Mayawati Birthday: मायावती की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कमरे में शार्ट सर्किट के कारण अचानक धुआं निकलने लगा

Mayawati Birthday: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती की गुरुवार (15 जनवरी) को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कमरे में शार्ट सर्किट के कारण अचानक धुआं निकलने लगा। इससे लखनऊ में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बताया कि इससे किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। मायावती और सभी लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

मायावती के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया था। वार्ता के अंतिम चरण में अचानक कमरे के एक बल्ब से धुआं उठने लगा। पाल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "पत्रकार वार्ता के अंतिम चरण में अचानक एक बल्ब फ्यूज हो गया, जिसकी वजह से तार में शार्ट सर्किट हो गया। तार के जलने से कमरे में थोड़ा सा धुंआ भर गया।''

उन्होंने इस बारे में आगे कहा कि आग लगने जैसी कोई घटना नही हुई। इस शार्ट सर्किट से कोई और नुकसान नहीं हुआ। BSP प्रमुख मायावती का आज 70वां जन्मदिवस है। पार्टी इसे पूरे प्रदेश में जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना रही है।


मायावती ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 सहित देश में होने वाले सभी छोटे-बड़े चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में BSP पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। मायावती ने लखनऊ में अपना 70वां जन्मदिन मनाया।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने BJP सहित अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया, "हमारी पार्टी ने उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में सभी चुनाव अकेले लड़ना अधिक उचित समझा है। किसी भी पार्टी के साथ किसी भी चुनाव में किसी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाएगा।"

पूर्व सीएम ने कहा कि भविष्य में यदि यह भरोसा हो जाता है कि किसी गठबंधन सहयोगी पार्टी के खासकर अगड़ी जातियों के वोट BSP को ट्रांसफर हो सकते हैं, तभी गठबंधन पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में वर्षों लग सकते हैं।

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता BSP के चार कार्यकालों को याद करते हुए एक बार फिर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि इसे साकार करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह जुट गए हैं, ताकि इस बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और BJP सहित अन्य जातिवादी पार्टियां विभिन्न हथकंडे अपना रही हैं जिनका मुंहतोड़ जवाब देकर उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार BSP की सरकार बनानी है। BSP प्रमुख ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया गया। उनकी उपेक्षा की गई थी।

ये भी पढ़ें- US Visa Freeze: अमेरिका का बड़ा फैसला! पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत इन 75 देशों के नागरिकों की अब No Entry! वीजा जारी करने पर रोक

उन्होंने कहा कि अन्य जातियों के साथ-साथ मुस्लिम समाज के साथ भी अन्याय हुआ है। मायावती ने दावा किया कि BSP सरकार के दौरान दंगे नहीं हुए। यादव समाज का भी पूरा ध्यान रखा गया। इससे पहले मायावती के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।