US Visa Freeze List: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल समेत लगभग 75 देशों के नागरिकों के लिए वीजा प्रोसेसिंग रोक दी है। यह कदम उन अप्रवासियों पर नकेल कसने की कोशिश का हिस्सा है जो सरकार पर बोझ बन सकते हैं। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि अमेरिका पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा 73 अन्य देशों के लिए वीजा प्रोसेसिंग फ्रीज़ करने जा रहा है। एक बयान में बताया गया है कि यह फैसला इमिग्रेशन और सुरक्षा से जुड़े कदमों के तहत लिया गया है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "यह पाबंदी तब तक लागू रहेगी जब तक अमेरिका यह सुनिश्चित नहीं कर लेता कि नए अप्रवासी अमेरिकी लोगों के संसाधनों का गलत इस्तेमाल न करें।" इस पाबंदी से सोमालिया, हैती, ईरान और इरिट्रिया सहित कई देश प्रभावित हुए हैं। इनके अप्रवासी अक्सर अमेरिका पहुंचने पर सरकार पर बोझ बन जाते हैं।
बयान में कहा गया है, "हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि अमेरिकी लोगों की उदारता का अब और दुरुपयोग न हो। ट्रंप प्रशासन हमेशा अमेरिका को पहले रखेगा।" फॉक्स न्यूज़ डिजिटल द्वारा देखे गए विदेश विभाग के एक मेमो में अधिकारियों को मौजूदा कानून के तहत वीजा देने से मना करने का निर्देश दिया गया है, जब तक कि विभाग अपनी जांच और वेरिफिकेशन प्रक्रियाओं की समीक्षा नहीं कर लेता।
CNN-News18 के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग ने 21 जनवरी से पाकिस्तान, बांग्लादेश और रूस सहित 75 देशों के लिए इमिग्रेंट वीजा प्रोसेसिंग को अनिश्चित काल के लिए सस्पेंड करने की घोषणा की है। इस रोक से एशिया, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के कई देश प्रभावित हुए हैं। लेकिन भारत को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है। इसे एनालिस्ट वाशिंगटन का भारतीय आवेदकों पर भरोसे के संकेत के तौर पर देख रहे हैं।
यह रोक उन देशों पर लगाई गई है जिन्हें धोखाधड़ी के लिए अधिक जोखिम वाला माना जाता है। या फिर जिनके आवेदकों के बारे में माना जाता है कि वे अमेरिकी सरकार पर वित्तीय बोझ बन सकते हैं। कॉन्सुलर अधिकारियों को इमिग्रेंट वीजा देने से इनकार करने का निर्देश दिया गया है। जबकि विभाग आइडेंटिटी-मैनेजमेंट और इन्फॉर्मेशन-शेयरिंग स्टैंडर्ड की बड़े पैमाने पर समीक्षा कर रहा है। विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि अधिकारी उन संभावित प्रवासियों को अयोग्य ठहराने के लिए अपने पुराने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे जो अमेरिकी लोगों की उदारता का फायदा उठा सकते हैं।