PM मोदी का वीडियो Facebook से हुआ ब्लॉक! अब Meta ने मांगी माफी, जानिए पूरा विवाद

Meta Apologises to PM Modi: दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने मंगलवार (28 जुलाई) को माफी मांगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सेल्फ़ी वीडियो फ़ेसबुक से कुछ समय के लिए हटा दिया गया था। हालांकि बाद में उसे वापस बहाल कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी खराबी की वजह से वीडियो को हटाया गया था

अपडेटेड Jul 28, 2026 पर 2:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Meta Apologises: फेसबुक से PM मोदी का सेल्फी वीडियो कुछ देर के लिए हटाने पर भारी विवाद हुआ है

Meta Apologises: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सेल्फी वीडियो फेसबुक से ब्लॉक किए जाने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की पैरेंट कंपनी Meta ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया है। इस मामले में सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने मंगलवार मंगलवार (28 जुलाई) को माफी मांगी। कंपनी ने स्वीकार किया कि वीडियो को गलती से हटाया गया था। अब उसे दोबारा प्लेटफॉर्म पर बहाल कर दिया गया है। मेटा के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "वह कंटेंट गलती से हटा दिया गया था और अब उसे रिस्टोर (बहाल) कर दिया गया है।"

कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि वीडियो को हटाया जाना किसी नीतिगत कार्रवाई का हिस्सा नहीं था। बल्कि यह एक त्रुटि थी, जिसे पहचानने के बाद तुरंत सुधार लिया गया। PM मोदी का वीडियो हटने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।

इसके बाद Meta की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया कि तकनीकी या मानवीय त्रुटि के कारण कंटेंट हट गया था। अब उसे फिर से उपलब्ध करा दिया गया है। हालांकि, Meta ने यह नहीं बताया कि वीडियो किस वजह से गलती से हटा और यह त्रुटि तकनीकी थी या मॉडरेशन प्रक्रिया से जुड़ी थी। फिलहाल वीडियो फेसबुक पर फिर से उपलब्ध है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेल्फ़ी वीडियो के जरिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों को संबोधित किया था। लेकिन फ़ेसबुक से कुछ समय के लिए इस वीडियो को हटा दिया गया। हालांकि, विवाद के बाद उसे वापस बहाल कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी खराबी की वजह से वीडियो हटाया गया था। सरकार इस घटना की जांच कर रही है। सरकार ने मेटा के बड़े अधिकारियों को बुलाकर इस बात का स्पष्टीकरण मांगा है कि वीडियो को कुछ समय के लिए क्यों हटाया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस घटना को बहुत गंभीरता से ले रही है। सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा और इंस्टाग्राम के ग्लोबल प्रमुखों को समन भेज दिया है। यह वीडियो पिछले गुरुवार को आधी रात के ठीक बाद पोस्ट किया गया था। इसमें प्रधानमंत्री मोदी छात्रों से सीधे अपील करते हुए दिखे थे, जब NEET-UG पेपर लीक मामले में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देश भर में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे।

ये भी पढ़ें- Amarnath Yatra Accident: अमरनाथ यात्रा जा रही बस जम्म-कश्मीर में हादसे का शिकार! सड़क से फिसलकर घर पर गिरी, 39 श्रद्धालु घायल

लगभग 3 मिनट के इस वीडियो में प्रधानमंत्री ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सरकार पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों को बहुत गंभीरता से लेती है। पीएम मोदी ने कहा, "दोस्तों, मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली बात नहीं है। यह लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए बहुत दुखद है। इसीलिए पिछले ढाई महीनों में कई कदम उठाए गए हैं।" उन्होंने आगे कहा, "दोषियों को पकड़ लिया गया है और वे जेल में हैं। हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना था कि छात्रों का एक भी साल बर्बाद न हो। परीक्षाएं तुरंत कराना बहुत जरूरी था।"

आईटी मंत्रालय ने Meta और X को किया तलब

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने प्रधानमंत्री मोदी की एक पोस्ट फेसबुक से हटाए जाने के मामले में मेटा के लोक नीति (वैश्विक) प्रमुख को तलब किया है।

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "3 अगस्त 2026 शाम 4 बजे हमारी संसदीय समिति IT and communication ने Meta (Instagram,Facebook,WhatsApp) ,X ( twitter), Snapchat,google को बुलाया है। महिला, बच्चे, किसान, ग्रामीण, मज़दूर तथा आमजन की प्राइवेसी कैसे बचेगी,सरकार के पब्लिक ऑर्डर को यह कम्पनी कैसे सुनिश्चित करती है?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।