MNS कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी! नवी मुंबई में डांस बार में की तोड़फोड़, शराब की सभी बोतलें तोड़ दी

MNS Workers Vandalise Dance Bar: महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, लाठियों से लैस महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई स्थित नाइट राइडर्स बार में शनिवार (2 अगस्त) देर रात अचानक से धावा बोल दिया। सोशल मीडिया पर इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है

अपडेटेड Aug 03, 2025 पर 7:57 PM
MNS Workers Vandalise Dance Bar: वायरल वीडियो में बार के अंदर टूटी हुई मेजें, टूटे हुए कांच और अंदरूनी हिस्से में हुई तोड़फोड़ नजर आ रही है

MNS Workers Vandalise Dance Bar in Navi Mumbai: राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई स्थित एक डांस बार में जमकर तोड़फोड़ की। एक अधिकारी ने बताया कि पनवेल में शनिवार देर रात को यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार, लाठियों से लैस एक दर्जन से अधिक लोगों ने नाइट राइडर्स बार में शनिवार (2 अगस्त) देर रात अचानक से धावा बोल दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें टूटी हुई मेजें, टूटे हुए कांच और बार के अंदरूनी हिस्से में हुई तोड़फोड़ नजर आ रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि MNS कार्यकर्ता पनवेल के बाहरी इलाके में स्थित 'नाइट राइडर्स बार (Night Riders bar)' में घुस गए। फिर पहले उन्होंने फर्नीचर में तोड़फोड़ की। इस दौरान शराब की बोतलें तोड़ दीं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। यह घटना MNS प्रमुख राज ठाकरे की तरफ से रायगढ़ जिले में बार के खिलाफ एक भड़काऊ भाषण देने के कुछ घंटों बाद हुई।

MNS के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई से कहा, "छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन भूमि पर डांस बार का कोई स्थान नहीं है। हम पनवेल या राज्य में कहीं भी ऐसी अश्लीलता को पनपने नहीं देंगे।" एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पनवेल पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा, "हम सीसीटीवी फुटेज जुटा रहे हैं। गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।"


बार के मालिकों ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। यह घटना राज ठाकरे की तरफ से पनवेल में किसान मजदूर पार्टी की एक सभा को संबोधित करते हुए रायगढ़ में डांस बार के बढ़ते चलन की निंदा की थी।

राज ठाकरे ने कहा था, "रायगढ़ जिले में सबसे ज्यादा डांस बार हैं। रायगढ़ में इतने सारे डांस बार हैं, उनका मालिक कौन है? सिर्फ मराठी लोग? तो, अगर आपको यहां से निकाला जा रहा है, तो आपको डांस बार की आदत डालकर फंसाया जा रहा है। यह हमारा रायगढ़ है। रायगढ़ छत्रपति शिवाजी महाराज की राजधानी थी।"

इस टिप्पणी के बाद मनसे कार्यकर्ता कथित तौर पर शनिवार आधी रात के आसपास सड़कों पर उतर आए और बार को निशाना बनाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान इकट्ठा कर रही है।

ये भी पढ़ें- NEET PG Exam 2025: नीट पीजी एग्जाम समाप्त! 2,42,000 छात्र हुए शामिल, जानें- कब आएगा रिजल्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।