Get App

MNS कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी! नवी मुंबई में डांस बार में की तोड़फोड़, शराब की सभी बोतलें तोड़ दी

MNS Workers Vandalise Dance Bar: महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, लाठियों से लैस महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई स्थित नाइट राइडर्स बार में शनिवार (2 अगस्त) देर रात अचानक से धावा बोल दिया। सोशल मीडिया पर इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Aug 03, 2025 पर 7:57 PM
MNS कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी! नवी मुंबई में डांस बार में की तोड़फोड़, शराब की सभी बोतलें तोड़ दी
MNS Workers Vandalise Dance Bar: वायरल वीडियो में बार के अंदर टूटी हुई मेजें, टूटे हुए कांच और अंदरूनी हिस्से में हुई तोड़फोड़ नजर आ रही है

MNS Workers Vandalise Dance Bar in Navi Mumbai: राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई स्थित एक डांस बार में जमकर तोड़फोड़ की। एक अधिकारी ने बताया कि पनवेल में शनिवार देर रात को यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार, लाठियों से लैस एक दर्जन से अधिक लोगों ने नाइट राइडर्स बार में शनिवार (2 अगस्त) देर रात अचानक से धावा बोल दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें टूटी हुई मेजें, टूटे हुए कांच और बार के अंदरूनी हिस्से में हुई तोड़फोड़ नजर आ रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि MNS कार्यकर्ता पनवेल के बाहरी इलाके में स्थित 'नाइट राइडर्स बार (Night Riders bar)' में घुस गए। फिर पहले उन्होंने फर्नीचर में तोड़फोड़ की। इस दौरान शराब की बोतलें तोड़ दीं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। यह घटना MNS प्रमुख राज ठाकरे की तरफ से रायगढ़ जिले में बार के खिलाफ एक भड़काऊ भाषण देने के कुछ घंटों बाद हुई।

MNS के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई से कहा, "छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन भूमि पर डांस बार का कोई स्थान नहीं है। हम पनवेल या राज्य में कहीं भी ऐसी अश्लीलता को पनपने नहीं देंगे।" एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पनवेल पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा, "हम सीसीटीवी फुटेज जुटा रहे हैं। गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।"

बार के मालिकों ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। यह घटना राज ठाकरे की तरफ से पनवेल में किसान मजदूर पार्टी की एक सभा को संबोधित करते हुए रायगढ़ में डांस बार के बढ़ते चलन की निंदा की थी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें