Henley Passport Index 2025 : भारत ने हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 में बड़ी छलांग लगाई है। इस बार भारत आठ पायदान ऊपर चढ़कर 85वें से 77वें स्थान पर पहुँच गया है। यह उछाल सिर्फ छह महीनों में देखने को मिला है। अब भारतीय पासपोर्ट धारक दुनिया के 59 देशों में बिना वीजा के या वीजा ऑन अराइवल के साथ यात्रा कर सकते हैं। यह संख्या जनवरी की तुलना में दो देशों ज़्यादा है। वहीं, दुनिया में सबसे ताकतवर पासपोर्ट के मामले में सिंगापुर सबसे ऊपर है, जिसके नागरिक 193 देशों में बिना वीजा के जा सकते हैं। जापान और दक्षिण कोरिया 190 देशों तक वीज़ा-मुक्त पहुंच के साथ ज्वाइंट रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
इन देशों का पासपोर्ट हुआ और भी मजबूत
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 के मुताबिक, यूरोप के कई देशों ने भी अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी है। जर्मनी, फ्रांस और इटली समेत सात यूरोपीय संघ के देश अब 189 देशों में बिना वीज़ा यात्रा की सुविधा के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दूसरी तरफ, खाड़ी देशों में भी पासपोर्ट की ताकत बढ़ी है। संयुक्त अरब अमीरात ने पिछले दस सालों में जबरदस्त सुधार करते हुए 34 स्थान की छलांग लगाई है और अब 8वें नंबर पर पहुँच गया है। उसके नागरिक अब 183 देशों में वीज़ा-मुक्त यात्रा कर सकते हैं। सऊदी अरब, कुवैत और ओमान जैसे देशों को भी ज़्यादा वीज़ा आजादी मिली है, खासतौर पर चीन के साथ नई वीज़ा व्यवस्था की वजह से।
अमेरिका और ब्रिटेन की रैंकिंग में गिरावट
दूसरी तरफ, अमेरिका और ब्रिटेन की पासपोर्ट ताकत में गिरावट जारी है। एक समय दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट माने जाने वाले ये देश अब क्रमशः 10वें और 6वें स्थान पर पहुंच गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका के टॉप-10 से बाहर होने का खतरा अब और भी ज्यादा है। पिछले दस वर्षों में जहां कई देशों की पासपोर्ट रैंकिंग में सुधार हुआ है, वहीं सिर्फ 16 देशों की स्थिति कमजोर हुई है। सबसे ज़्यादा गिरावट वेनेजुएला में दर्ज की गई, जो 15 पायदान गिरकर 30वें से 45वें नंबर पर पहुँच गया। इसके बाद अमेरिका (8 स्थान नीचे), वानुअतु (6 स्थान नीचे), ब्रिटेन (5 स्थान नीचे) और कनाडा (4 स्थान नीचे) का नंबर आता है।
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे-जैसे भारत जैसे उभरते देश अपनी वीजा नीतियों को आसान बना रहे हैं और विदेशों से रिश्ते मजबूत करने में ध्यान दे रहे हैं, वहीं अमेरिका और ब्रिटेन जैसे पुराने ताकतवर देश अब ज़्यादा सख्त एंट्री नियम अपना रहे हैं। इससे उनकी पासपोर्ट रैंकिंग पर भी असर पड़ रहा है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।