VIDEO: 'मेरा कुछ नहीं होगा...', मध्य प्रदेश के सतना में बीजेपी पार्षद पति की दबंगई का वीडियो वायरल; रेप और धमकाने का है आरोप

Satna News: पीड़िता ने सोमवार को सतना एसपी हंसराज सिंह को लिखित शिकायत सौंपी, जिसके बाद जांच डीएसपी मनोज त्रिवेदी को सौंपी गई है। महिला का आरोप है कि, वह 5 दिन पहले भी पुलिस के पास गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला का दावा है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले 'जिला बदर' भी रह चुका है, फिर भी वह बेखौफ घूम रहा है

अपडेटेड Dec 28, 2025 पर 2:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वायरल वीडियो में वह पुलिस को अपशब्द कह रहा है और पीड़िता को चुनौती दे रहा है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता

Satna: मध्य प्रदेश के सतना जिले से सत्ता के रसूख और हैवानियत का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक बीजेपी पार्षद के पति अशोक सिंह पर एक महिला ने चाकू की नोक पर रेप करने, उसका वीडियो बनाने और फिर उसी वीडियो के जरिए पिछले 6 महीनों से ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वह पुलिस को अपशब्द कह रहा है और पीड़िता को चुनौती दे रहा है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

चाकू की नोक पर की दरिंदगी, 6 महीने से कर रहा था शोषण

पीड़िता ने अपनी शिकायत में जो आपबीती सुनाई है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है।करीब 6 महीने पहले अशोक सिंह पीड़िता के घर में घुसा और चाकू दिखाकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी ने इस पूरी करतूत का वीडियो बना लिया। वीडियो के दम पर उसने महिला को चुप रहने और बार-बार शारीरिक शोषण सहने के लिए मजबूर किया। उसने महिला के परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद 20 दिसंबर को आरोपी ने फिर से महिला से छेड़छाड़ की और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे डराया।


'जाओ जहां शिकायत करनी है, मेरा कुछ नहीं होगा'

इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में आरोपी का रवैया बेहद हैरान कर देने वाला है।वीडियो में पीड़िता रोते हुए शिकायत करने की बात कह रही है, जिस पर अशोक सिंह कथित तौर पर कह रहा है, 'जाओ जहां शिकायत करनी है करो, मेरा कुछ नहीं होगा।' क्लिप में वह एक पुलिस अधिकारी के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल करता सुनाई दे रहा है।

पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल

पीड़िता ने सोमवार को सतना एसपी हंसराज सिंह को लिखित शिकायत सौंपी, जिसके बाद जांच डीएसपी मनोज त्रिवेदी को सौंपी गई है। महिला का आरोप है कि, वह 5 दिन पहले भी पुलिस के पास गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला का दावा है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले 'जिला बदर' भी रह चुका है, फिर भी वह बेखौफ घूम रहा है। पीड़िता ने कहा कि यदि उसके या उसके परिवार के साथ कुछ भी अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

इस मामले में सतना पुलिस का कहना है कि वे वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रहे हैं और सबूत जुटाए जा रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।