Nandan Yadav Encounter: जमुई छेड़छाड़ मामले के जिस मेन आरोपी नंदन यादव के पैर में लगी गोली उसके बारे में और क्या-क्या पता चला?

Nandan Yadav Encounter: बिहार के जुमुई में एक छात्रा से छेड़खानी और शर्मनाक हरकत के आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने कुंदर बैराज के पास एनकाउंटर किया है। इसमें उसके पैर में गोली लगी है। वहीं, भागने के दौरान दूसरे आरोपी हरे राम यादव का पैर टूट गया। पुलिस इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची है

अपडेटेड Sep 22, 2026 पर 3:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jamui Molestation Case: जमुई छेड़छाड़ के मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ में पैर में गोली लगी है

Nandan Yadav Encounter: बिहार के जमुई में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और उत्पीड़न मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी है। शर्मनाक हरकत के आरोपी नंदन यादव का बिहार पुलिस ने मंगलवार (22 सितंबर) को कुंदर बैराज के पास कथित एनकाउंटर किया है। इसमें उसके पैर में गोली लगी है। फिलहाल जमुई के सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, दूसरे फरार आरोपी हरेराम यादव के भी घायल होने की सूचना है। मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

छात्रा से बदसलूकी मामले में आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची थी। लेकिन इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली नंदन यादव के पैर में लगी है। जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने बताया कि कथित घटना 19 सितंबर की शाम की है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे पीड़ित लड़के और लड़की का पता लगा लिया गया है।

दयाल ने बताया कि जमुई थाने में दर्ज FIR में पीड़ितों ने किसी आरोपी का नाम नहीं लिया है। लेकिन वीडियो फुटेज की मदद से करीब सात लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से तीन को पकड़ लिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है। दयाल ने बताया कि पीड़ित लड़का और लड़की एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं।


आरोपी के बारे में क्या-क्या पता चला?

'इंडिया टुडे' के अनुसार नंदन यादव 19 सितंबर 2026 को जमुई के मड़वा पहाड़ इलाके में 10वीं क्लास की नाबालिग छात्रा और उसके साथ मौजूद एक नाबालिग छात्र से कथित बदसलूकी/छेड़छाड़ के मामले में मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला व्यापक रूप से चर्चा में आया। जमुई पुलिस ने वीडियो और उसमें दिखाई देने वाले लोगों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

नंदन पर कई केस दर्ज!

हालिया मीडिया रिपोर्टों में नंदन यादव को मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है। 22 सितंबर को बिहार पुलिस की कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगने की खबर है। पुलिस के अनुसार वह मड़वा पहाड़ी के पास छिपा हुआ था। पकड़ने की कोशिश के दौरान भागने का प्रयास कर रहा था। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। एक अन्य आरोपी हरेराम यादव भी पुलिस कार्रवाई में घायल हुआ बताया जा रहा है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, नंदन यादव पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। वह कथित तौर पर बिहार में अवैध शराब तस्करी और अवैध बालू खनन में भी शामिल रहा है। नंदन की पत्नी ने भी उस पर मारपीट का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि पत्नी अब उसके साथ नहीं रहती है।

प्रतापपुर का रहने वाला है आरोपी!

हमारे सहयोगी न्यूज 18 के अनुसार, वायरल वीडियो में मुंह बांधे नजर आ रहा नंदन यादव जमुई के प्रतापपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके पिता का नाम कथित तौर पर गनौरी यादव बताया जा रहा है। घटना के बाद से नंदन फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कल से ही लगातार छापेमारी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने उसके परिवार के दो लोगों को कस्टडी में लेकर पूछताछ भी की थी। कथित तौर पर इस पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके बारे में अहम जानकारी मिली।

शराबबंदी में शराब की पार्टी?

नंदन यादव की सोशल मीडिया गतिविधियों को देखकर उसे सिर्फ एक सामान्य अपराधी कहना अपराध को बढ़ावा देना है। उसके सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो से साफ जाहिर होता है कि वो एक आदतन अपराधिक मानसिकता वाला इंसान है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में वह कथित तौर पर शराब की पार्टी करते नजर आ रहा है। जबकि बिहार में शराबबंदी है। फिर सवाल ये है कि शराब उसके पास आई कहां से? शराब पीते हुए वीडियो बनाकर उसने खुद शेयर किया है। इसके अलावा उसके कई वीडियो सामने आ रहे हैं।

7 आरोपियों की हुई पहचान

यह मामला 19 सितंबर की शाम जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ इलाके में सामने आया था। कोचिंग से लौट रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को स्कूटी से जाते समय 6-7 युवकों ने रोक लिया था। आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज, मारपीट की और छात्रा से अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद व्यापक आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर करीब सात आरोपियों की पहचान की है। तीन नाबालिग आरोपियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है।

मामले में पोक्सो अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) मामले की जांच कर रहा है। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Jamui Molestation Case: जमुई छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर, बिहार पुलिस ने पैर में मारी गोली

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।