तमिलनाडु की राजनीति में आज से एक नए चैप्टर की शुरुआत हुई है। थलपति विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में उन्होंने राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं अभिनेता से नेता बने विजय ने अपने नए मंत्रिमंडल की पहली लिस्ट भी जारी कर दी है। नई कैबिनेट में 29 साल के एक विधायक को भी जगह मिली है, जो सबसे युवा मंत्री बने हैं। इसके अलावा मंत्रिमंडल में एक डॉक्टर, एक डेंटिस्ट, एक पूर्व आईआरएस अधिकारी और छह अन्य नेताओं को भी शामिल किया गया है। पहली सूची में शामिल सभी मंत्री ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) पार्टी से हैं। खास बात यह है कि इस सूची में कांग्रेस का कोई भी नेता शामिल नहीं किया गया है।
विजय की पार्टी बनने से पहले ही एन. आनंद उनके फैन क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके थे। जब विजय ने ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) की शुरुआत की, तब आनंद ने पार्टी को संगठित करने और उसे मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें पार्टी का पहला महासचिव बनाया गया और वह आज भी इसी पद पर काम कर रहे हैं। एन. आनंद पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में भी शामिल हैं। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने खुलकर कहा था कि टीवीके का नेता ही तमिलनाडु का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चेन्नई की त्यागरायनगर सीट से चुनाव लड़ा। यह सीट लंबे समय से डीएमके और एआईएडीएमके जैसी बड़ी पार्टियों का गढ़ मानी जाती रही है। इसके बावजूद एन. आनंद ने 51,632 वोट हासिल किए और डीएमके उम्मीदवार राजा अनबाझगन को हराकर जीत दर्ज की।
करीब 6 फीट 7 इंच लंबे आधव अर्जुन पहले राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी रह चुके हैं। वह तमिलनाडु के जाने-माने राजनीतिक रणनीतिकार, समाजसेवी और खेल प्रशासक भी हैं। पिछले चुनावों में उनका नाम एम.के. स्टालिन से जुड़ा रहा और डीएमके की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में आधव अर्जुन चेन्नई की विलिवक्कम सीट से विधायक चुने गए। ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) में वह चुनाव अभियान प्रबंधन के महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस पद के कारण उन्हें पार्टी अध्यक्ष विजय और महासचिव एन. आनंद के बाद पार्टी का तीसरा सबसे बड़ा नेता माना जाता है। राजनीति के साथ-साथ आधव अर्जुन खेल जगत में भी सक्रिय हैं। वह ‘बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के अध्यक्ष भी हैं।
तमिलनाडु के शिवकाशी में इस बार लोगों के लिए दिवाली की खुशी पहले ही आ गई है। इसकी वजह हैं 29 साल की अभिनेत्री और नई विधायक एस. कीर्तना, जो अब मुख्यमंत्री विजय की कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री बनने जा रही हैं।एस. कीर्तना ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) की विधायक हैं और उन्होंने शिवकाशी क्षेत्र से जीत हासिल की है। हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़ रखने वाली कीर्तना लंबे समय से जमीनी राजनीति से जुड़ी रही हैं। उन्होंने राजनीतिक सलाहकार के तौर पर भी काम किया है और पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। पढ़ाई की बात करें तो उनके पास गणित में बीएससी और सांख्यिकी में एमएससी की डिग्री है। शिवकाशी के पटाखा उद्योग में काम करने वाले मजदूरों के लिए कीर्तना ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का वादा किया है, क्योंकि रसायनों के बीच काम करना काफी जोखिम भरा होता है। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं को बराबर वेतन दिलाने का भी भरोसा दिया है।
‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) के प्रमुख नेताओं में शामिल डॉ. टी.के. प्रभु पेशे से एक दंत चिकित्सक हैं। उन्होंने तमिलनाडु की कराईकुडी विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर अपनी पहचान बनाई।
के.ए. सेंगोत्तैयान ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम’ (एआईएडीएमके) के सबसे वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। पिछले साल जब उन्हें पार्टी से बाहर किया गया, तो तमिलनाडु की राजनीति में बड़ी हलचल मच गई। खास बात यह रही कि उन्होंने करीब 50 साल तक एआईएडीएमके के साथ काम किया था। बाद में उन्होंने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ का साथ पकड़ लिया।
पहली बार विधायक बने पी. वेंकटरमणन ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ के कोषाध्यक्ष हैं। वह पेशे से वकील भी हैं। उन्होंने चेन्नई की अहम मायलापुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की। हालांकि राजनीति में उनकी एंट्री नई मानी जाती है, लेकिन वह लंबे समय से विजय के करीबी सहयोगी रहे हैं। साल 2000 से वह अभिनेता विजय के मैनेजर के रूप में भी काम कर चुके हैं।
निर्मल कुमार ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) में आईटी और सोशल मीडिया के उप-महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने तमिलनाडु की मदुरै जिले की तिरुप्परनकुंड्रम विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
राजमोहन अरुमुगम अभिनेता, स्टैंड-अप कॉमेडियन और मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में जाने जाते हैं। कई क्षेत्रों में सक्रिय रहने वाले राजमोहन ने चेन्नई की एग्मोर विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। अब वह विजय के मंत्रिमंडल में मंत्री के तौर पर शामिल होंगे।