महाराष्ट्र के पुणे में बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई कथित हत्या के मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। जहां एक तरफ पुलिस का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धकेला था, वहीं अब इस मामले के दूसरे मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के परिवार ने सामने आकर एक बेहद अलग और बड़ा दावा कर दिया है। चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी का कहना है कि उनके बेटे को इस पूरे मामले में जबरन फंसाया जा रहा है और असली सच्चाई वह नहीं है जो सामने आ रही है। आइए जानते हैं आरोपी चेतन के पिता और उसके रिश्तेदारों ने इस पूरे कांड को लेकर क्या बड़े दावे किए हैं।
पिता बाबूलाल चौधरी का दावा - बेटे ने केतन को धक्का नहीं दिया
बिजनेसमैन केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी चेतन चौधरी के पिता बाबूलाल चौधरी ने अपने बेटे को पूरी तरह निर्दोष बताया है। बाबूलाल चौधरी का दावा है कि उनके बेटे ने खुद परिवार को इस घटना के बारे में जो बताया है, वह पुलिस की कहानी से बिल्कुल अलग है। बाबूलाल चौधरी के मुताबिक, 'चेतन ने हमें साफ तौर पर बताया है कि उसने उस लड़के (केतन) को लोहगढ़ किले से धक्का नहीं दिया था। घटना के वक्त वह केतन से काफी दूर खड़ा था। जब केतन अग्रवाल खाई में गिरा, तो उस समय वह लड़की (सिया गोयल) ही बिल्कुल उसके पास खड़ी थी।' हमारे सहयोगी न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक बाबूलाल चौधरी ने आगे कहा कि मैं यह नहीं जानता कि लड़की ने उसे धक्का दिया या नहीं, लेकिन चेतन ने हमसे यही कहा था कि वह खुद उस वक्त थोड़ा पीछे की तरफ दूर खड़ा हुआ था।
'हम तो सिया गोयल को जानते तक नहीं, कल ही सुना नाम'
आरोपी चेतन के पिता ने सिया गोयल के साथ किसी भी तरह के पारिवारिक संबंध या जानकारी होने से पूरी तरह इनकार किया है। बाबूलाल चौधरी का कहना है कि उनके परिवार को इस घटना से पहले सिया गोयल के बारे में कोई भनक तक नहीं थी। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह चेतन ने अपनी मां और मुझसे सिर्फ इतना कहा था कि उसकी एक मीटिंग है और वह उसी के लिए जा रहा है। घर से निकलने से पहले उसने हमें इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दी थी। बाबूलाल ने आगे का कि हमने उस लड़की को कभी नहीं देखा और हम उसके बारे में बिल्कुल कुछ नहीं जानते। सच तो यह है कि मुझे कल ही उस लड़की का नाम सिया पता चला है, इससे पहले मैंने उसे कभी नहीं देखा था। पिता ने साफ तौर पर कहा कि उनके बेटे को इस पूरे मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है और इस मामले में उसकी कोई संलिप्तता नहीं है।
रिश्तेदार बोले- चेतन स्पोर्ट्समैन है, मीडिया एकतरफा कहानी दिखा रहा है
चेतन चौधरी के एक रिश्तेदार उदाराम चौधरी ने भी चेतन का बचाव करते हुए उसे पूरी तरह बेकसूर बताया है। उनका कहना है कि मीडिया इस पूरे मामले को काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। उदाराम चौधरी ने कहा कि, 'इस मामले में चेतन पूरी तरह से निर्दोष है। मीडिया इस मुद्दे को बहुत ज्यादा हवा दे रहा है और सिर्फ एकतरफा नजरिया ही दिखा रहा है, जबकि चेतन इसमें शामिल नहीं है। चेतन एक स्पोर्ट्समैन है और बेहद सीधा-साधा इंसान है। आज तक बाजार में किसी भी व्यक्ति की तरफ से उसके खिलाफ एक भी शिकायत सामने नहीं आई है।' सिया के साथ रिश्ते को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे परिवार के किसी भी सदस्य को चेतन और उस लड़की के बीच के किसी भी तरह के संबंध के बारे में कोई अंदाजा नहीं था।
पुलिस की थ्योरी: दोनों ने मिलकर की हत्या
चेतन चौधरी के परिवार के इन दावों के उलट पुलिस की जांच और थ्योरी कुछ और ही कहती है। पुणे पुलिस के अनुसार 18 जून को लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत कोई हादसा नहीं थी बल्कि उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को पहाड़ी से नीचे धकेला था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल दोनों पुलिस कस्टडी में हैं।