Nishikant Dubey News: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने मांगी माफी, बीजू पटनायक को लेकर ऐसा क्या कहा कि मच गया बवाल?

Nishikant Dubey Apology: ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक पर अपनी विवादित बयान को लेकर देश भर में हो रहे विरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार (1 अप्रैल) को आखिरकार माफी मांग ली। दुबे ने कहा कि बीजू बाबू हमेशा से हमारे लिए एक महान राजनेता रहे हैं और हमेशा रहेंगे

अपडेटेड Apr 01, 2026 पर 4:02 PM
Story continues below Advertisement
Nishikant Dubey Apology: निशिकांत दुबे ने ओडिशा के पूर्व सीएम बीजू पटनायक पर विवादित टिप्पणी के लिए माफी मांग ली है

Nishikant Dubey Apology: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार (1 अप्रैल) को ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक पर अपनी हालिया विवादित टिप्पणियों को लेकर हुए विवाद के बाद बिना शर्त माफी मांग ली। उन्होंने दावा किया था कि बीजू पटनायक 1960 के दशक में चीन के खिलाफ युद्ध के दौरान प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के बीच की कड़ी थे। इस टिप्पणी के लिए बीजेपी के अंदर और बाहर दोनों जगह उनकी आलोचना हुई।

विवाद बढ़ता देख बीजेपी सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "पिछले सप्ताह मीडिया से बात करते समय नेहरू-गांधी परिवार के कारनामों के संबंध में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के अग्रणी नेताओं में से एक माननीय बीजू पटनायक के संदर्भ में मेरी टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला गया।"

दुबे ने कहा कि यह उनका निजी विचार था। उन्होंने कहा, "नेहरू जी के बारे में मेरे विचारों को बीजू बाबू के बारे में समझा गया। बीजू बाबू हमेशा से हमारे लिए एक महान नेता रहे हैं और रहेंगे। अगर मेरे बयान से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं बिना शर्त माफी मांगता हूं।" उन्होंने 'उत्कल दिवस' पर ओडिशा के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।


निशिकांत दुबे ने क्या कहा?

झारखंड की गोड्डा सीट से लोकसभा सदस्य निशिकांत दुबे ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया था कि BJD प्रमुख नवीन पटनायक के पिता और ओडिशा के पूर्व सीएम बीजू पटनायक 1960 के दशक में चीन के खिलाफ युद्ध के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के बीच एक कड़ी थे।

दुबे के बयान के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया। सोमवार को बीजू जनता दल (BJD) के सांसदों ने राज्यसभा में बीजू पटनायक के अपमान का जोरदार विरोध किया। इसका असर ओडिशा की सड़कों पर भी देखा गया। युवाओं और छात्रों ने बीजेपी सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निशिकांत दुबे का पुतला भी फूंका।

ये भी पढे़ं- 'उन्हें मेंटल डॉक्टर की जरूरत है': CIA वाले विवादित बयान पर BJP सांसद निशिकांत दुबे पर भड़के नवीन पटनायक

बाद में सफाई देते हुए दुबे ने कहा कि बीजू पटनायक एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। बीजेपी उनका सम्मान करती है। उन्होंने लिखा, "जब कांग्रेस ने बीजू बाबू के साथ अन्याय किया, तब जनसंघ और भाजपा ही थी जो उनके साथ खड़ी रहीं। बताइए, मैंने अपने ट्वीट में बीजू बाबू पर कौन सा आरोप लगाया? अगर मेरे ट्वीट से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं केवल उन्हें समझाने की कोशिश कर सकता हूं।" उन्होंने कहा कि बीजू बाबू आदरणीय हैं और हमेशा रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।