'असली फिल्म अभी बाकी है' 2029 में अपनी भूमिका को लेकर बोले नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडतरी ने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कभी अपना राजनीतिक बायोडेटा पब्लिश नहीं किया है और न ही उन्होंने कभी समर्थकों से हवाईअड्डों पर उनके लिए भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है। इंटरव्यू के दौरान गडकरी ने 2014 से सत्तासीन मोदी सरकार की अलग-अलग उपलब्धियों पर प्रकाश डाला

अपडेटेड Jun 21, 2025 पर 7:35 PM
Story continues below Advertisement
2029 में अपनी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर क्या बोले नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को 2029 (आगामी लोकसभा चुनाव) में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर दावा किया कि पिछले 11 सालों में जो कुछ देखा गया वो सिर्फ एक ‘‘न्यूज रील’’ थी और ‘‘असली फिल्म’’ अभी आनी बाकी है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व अध्यक्ष गडकरी ने यह भी कहा कि पार्टी ही अपने कार्यकर्ताओं के लिए जिम्मेदारियां तय करती है और BJP उनके लिए जो भी जिम्मेदारी तय करेगी, वह उसे निभायेंगे।

न्यूज एजेंसी PTI के मतुाबिक, उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर उदय निरगुडकर को दिए इंटरव्यू में कहा, "अभी तक जो हुआ है वो तो न्यूज रील थी। असली फिल्म शुरू होना बाकी है।"

गडकरी ने कहा, "किसी कार्यकर्ता की क्या जिम्मेदारी होगी और वह क्या काम करेगा, यह पार्टी तय करती है। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे पूरा करूंगा।"


उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कभी अपना राजनीतिक बायोडेटा पब्लिश नहीं किया है और न ही उन्होंने कभी समर्थकों से हवाईअड्डों पर उनके लिए भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है।

पूर्व बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा विदर्भ में किसानों की आत्महत्या रोकने की दिशा में काम करना है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने कहा, "आजकल मैं सड़क निर्माण के बजाय कृषि और अन्य सामाजिक पहलों पर ज्यादा काम करता हूं।"

यह पूछे जाने पर कि भारत की प्रति व्यक्ति आय दुनिया में टॉप 10 में क्यों नहीं है, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए देश की जनसंख्या जिम्मेदार है।

जनसंख्या नियंत्रण विधेयक का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा, "यह कोई धार्मिक या भाषाई मुद्दा नहीं है। यह एक आर्थिक मुद्दा है। इतना विकास होने के बावजूद, परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसका कारण बढ़ती जनसंख्या है।"

इंटरव्यू के दौरान गडकरी ने 2014 से सत्तासीन मोदी सरकार की अलग-अलग उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

'पोलिंग बूथ के CCTV फुटेज से वोटर हो सकते हैं टारगेट', राहुल गांधी की मांग को चुनाव आयोग ने बताया 'खतरनाक'

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।