Nitin Nabin New Team: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पार्टी प्रमुख नितिन नबीन के नेतृत्व में एक नई टीम की घोषणा कर दी है। नई टीम में 13 उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव और डी. पुरंदेश्वरी शामिल हैं। BJP ने बी. एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में वापसी करने जा रही हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार (17 अगस्त) को अपनी नई टीम की घोषणा की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अलावा त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, सतीश पूनिया समेत आठ महासचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा भगवा पार्टी ने गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है।
भारतीय जनाता पार्टी ने शिवप्रकाश और सौदान सिंह को BJP का राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया है। बीजेपी की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री भारती पवार, मनप्रीत सिंह बादल और तारिक मंसूर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
तारिक मंसूर अब भारतीय जनता पार्टी में एक अहम और राष्ट्रीय मुस्लिम चेहरा बन गए हैं। BJP नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (MLC) और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के पूर्व कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। BJP ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा अनिल एंटनी और रोहन गुप्ता समेत 16 राष्ट्रीय मंत्री के नामों की घोषणा की गई है।
AAP से BJP में शामिल हुए संदीप पाठक को बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) से BJP में शामिल हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। संदीप पाठक मूल रूप से छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के रहने वाले हैं। वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होंगे। विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी राष्ट्रीय महासचिवों में से एक होंगे। जबकि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे।
स्मृति ईरानी की वापसी क्यों है अहम?
स्मृति ईरानी की वापसी को बीजेपी के संगठनात्मक स्तर पर एक अहम कदम माना जा रहा है। वह पहले भी BJP के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। ईरानी लंबे समय से बीजेपी की प्रमुख नेताओं में शामिल रही हैं। नितिन नबीन के नेतृत्व में घोषित नई टीम में पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों के लिए अपनी रणनीति को धार देने का संकेत दिया है।
स्मृति ईरानी लंबे समय तक केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री रहने के साथ-साथ पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। अब राष्ट्रीय संगठन में उनकी वापसी से बीजेपी के भीतर उनकी जिम्मेदारी और भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी की इस नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने पर खास जोर दिया गया है। संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाते हुए लगभग 33 फीसदी महिला पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
नितिन नबीन ने अपनी टीम की पूरी लिस्ट जारी करते हुए X पर लिखा, "भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि टीम के सभी सदस्य, कार्यकर्ता भाव से संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए 'विकसित भारत' के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।"
बीजेपी की नई टीम को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, राज्यों में समन्वय और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई टीम के जरिए पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने नेतृत्व में संगठन की नई दिशा का संकेत दिया है। नई नियुक्तियों के साथ बीजेपी अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार होने की दिशा में आगे बढ़ेगी।