Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज को नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में नबीन ने कार्यभार संभाला। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और इस प्रतिष्ठित पद को संभालने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के नेता बन गए हैं।
पीएम मोदी और अमित शाह बने प्रस्तावक, निर्विरोध हुआ चुनाव
नितिन नबीन का चयन पूरी तरह से निर्विरोध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुआ। उनके पक्ष में नामांकन के 37 सेट दाखिल किए गए थे। खास बात यह रही कि पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह खुद उनके प्रस्तावकों में शामिल थे। भाजपा के नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 50% राज्यों में चुनाव होना अनिवार्य है। 36 में से 30 राज्यों में अध्यक्षों के चुनाव के बाद 16 जनवरी को चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। नबीन इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष थे।
बिहार की राजनीति से राष्ट्रीय स्तर तक उभरे नितिन नबीन का करियर काफी प्रभावशाली रहा है। वह भाजपा के दिग्गज नेता और चार बार के विधायक रहे दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। उन्होंने 2006 में अपने पिता के निधन के बाद राजनीति में प्रवेश किया। वह पटना के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से लगातार 2010, 2015, 2020 और 2025 में चुनाव जीतते आ रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार में सड़क निर्माण, शहरी विकास और विधि एवं न्याय जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाला है। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और कई अन्य राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों का सफल नेतृत्व कर चुके हैं।
'नबीन' युग के क्या है मायने
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि नितिन नबीन की नियुक्ति भाजपा की 'युवा और अनुभवी' नेताओं को आगे लाने की रणनीति का हिस्सा है। 2026 और आने वाले चुनावों को देखते हुए, एक युवा चेहरे को कमान सौंपकर पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक नई ऊर्जा और बदलाव का संदेश दिया है।