NTA exam schedule: यूपीएससी, एसएससी और रेलवे के लिए एक परीक्षा कैलेंडर हो सकता है जारी, तारीखों के टकराव से बचाने के लिए बनेगी व्यवस्था

NTA exam schedule: देश में बहुत जल्द यूपीएससी, एसएससी और रेलवे की परीक्षाओं के लिए एक समायोजित कैलेंडर जारी किया जा सकता है। इतना ही नहीं, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए एक सेंट्रल डैशबोर्ड तैयार करने पर भी विचार किया जा रहा है। यह योजना अभी प्रस्ताव के स्तर पर ही है

अपडेटेड Sep 21, 2026 पर 1:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अब केंद्र सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक कॉमन परीक्षा कैलेंडर जारी करने पर विचार कर रही है।

NTA exam schedule: हमारे देश में हर साल विभिन्न केंद्रीय एजेंसियां केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए कई प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करती हैं। अगल-अलग परीक्षा कैलेंडर जारी होने से इनमें हिस्सा लेने वाले परीक्षार्थियों को अक्सर तारीखों के टकराव की वजह से असुविधा झेलनी पड़ती है। लेकिन अब केंद्र सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक कॉमन परीक्षा कैलेंडर जारी करने पर विचार कर रही है। साथ ही, केंद्र की योजना एक सेंट्रल डैशबोर्ड बनाने की भी है।

सरकार के इस कदम का मकसद तारीखों के टकराव को रोकना और सरकारी भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है। मनीकंट्रोल ने मिंट के हवाले से बताया कि इस चर्चा की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने यह बात बताई है। इसके तहत यूपीएससी, एसएससी और रेलवे का एक ही परीक्षा कैलेंडर जारी किया जा सकता है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के इस प्रस्ताव से भर्ती करने वाली संस्थाओं, राज्य सरकारों और परीक्षा एजेंसियों को तारीखों की घोषणा से पहले ही शेड्यूल शेयर करने और संभावित टकरावों की पहचान करने में मदद मिलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस डैशबोर्ड पर परीक्षाओं के टलने, रद्द होने और अन्य बदलावों की रियल-टाइम जानकारी भी उपलब्ध हो सकती है।

यह योजना सिर्फ परीक्षा की तारीखों में तालमेल बिठाने तक ही सीमित नहीं है। सरकार नौकरी के नोटिफिकेशन, परीक्षा, नतीजों और नियुक्ति पत्र जारी करने के बीच होने वाली देरी को कम करने के तरीकों पर भी विचार कर रही है। बता दें, नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर पहले से ही 'ई-परीक्षा' भर्ती प्लेटफॉर्म चलाता है, लेकिन इसमें केवल 10 एजेंसियां शामिल हैं और यह परीक्षा शेड्यूल की देशव्यापी जानकारी नहीं देता है।

साल 2026 के दौरान विभिन्न परीक्षाओं के बीच हुई दिक्कतों को देखते हुए प्रस्तावित तालमेल व्यवस्था लाने पर विचार किया जा रहा है। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए 4 फरवरी को सिविल सेवा परीक्षा का नोटिफिकेशन टाल दिया था। बाद में 24 मई को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई।

इसी तरह, इंडिया पोस्ट ने पोस्टल और सॉर्टिंग असिस्टेंट के लिए अपनी 'लिमिटेड डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन' को एक हफ्ते आगे बढ़ाकर 28 जून किया, क्योंकि यह संशोधित नीट यूजी तारीखों से टकरा रही थी। बताया जा रहा है कि नीट परीक्षा के लिए अधिकारियों की जरूरत को देखते हुए जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक और गुजरात के पोस्टल सर्किलों ने चिंता जाहिर की थी।

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने तकनीकी खराबी के कारण कुछ केंद्रों पर परीक्षाएं रद्द कर दीं या उनका समय बदल दिया। रेलवे भर्ती बोर्ड ने भी सेक्शन कंट्रोलर एप्टीट्यूड टेस्ट और NTPC, असिस्टेंट लोको पायलट और जूनियर इंजीनियर पदों के लिए परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव किया।


DDA में फ्लैट बुक करने के लिए 30 सितंबर तक है मौका, पहले आओ पहले पाओ व्यवस्था के तहत कर सकते हैं बुकिंग

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।