सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और उसके बाद की स्थिति पर बृहस्पतिवार को एक सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के नेताओं को जानकारी दे रही है। इस बैठक के बाद जो एक बड़ी जानकारी निकल कर सामने आई वो ये कि रक्षा मंत्री ने बैठक में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और विपक्षी नेताओं की पिछले एक पखवाड़े में यह दूसरी बैठक है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सर्वदलीय बैठक में बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत किए गए भारतीय हमलों में कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए।
PTI के अनुसार, ऑल पार्टी मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "रक्षा मंत्री ने नेताओं को बताया कि यह ऑपरेशन जारी है, इसलिए तकनीकी जानकारी नहीं दे सकते।
एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सर्वदलीय बैठक में कहा कि अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो भारत जवाबी हमला करेगा।
वहीं रिजिजू ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में राजनीतिक नेताओं ने परिपक्वता दिखाई, कोई बहस नहीं की। बैठक व्यापक राजनीतिक सहमति के लिए थी। सर्वदलीय बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि राजनीतिक नेताओं ने सशस्त्र बलों को उनकी कार्रवाई के लिए बधाई दी ।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, एस जयशंकर, जे पी नड्डा और निर्मला सीतारमण ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया, जबकि कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंद्योपाध्याय और द्रमुक के टी आर बालू बैठक में शामिल प्रमुख विपक्षी नेता हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इसमें शामिल अन्य विपक्षी नेताओं में समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, शिवसेना (उबाठा) के संजय राउत, राकांपा (एसपी) की सुप्रिया सुले, बीजद के सस्मित पात्रा और माकपा के जॉन ब्रिटास शामिल हैं। इनके अलावा जद (यू) नेता संजय झा, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान तथा एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी बैठक का हिस्सा थे।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार सभी दलों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी देना चाहती है।
पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में, भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या के दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए।
इससे पहले सरकार ने पहलगाम हमले के बारे में सभी दलों के नेताओं को जानकारी देने के लिए 24 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी।