India-Pakistan War: पाकिस्तान ने लगातार तीसरी रात भी भारत के कई क्षेत्रों को निशाना बनाया। हालांकि उसके हमले असफल ही रहे क्योंकि भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें टारगेट हिट होने से पहले ही नष्ट कर दिया। वैसे ये सब तो हवाई हमले थे लेकिन विदेश मंत्रालय की आज हुई प्रेस वार्ता में एक नई बात सामने आई है। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ये बताया कि पाकिस्तानी सेना अपने सैनिकों को LoC पर लगातार आगे बढ़ा रही है, जो उसके आक्रामक इरादों को दर्शाता है।
'बॉर्डर पर लगातार आगे बढ़ रही है पाक आर्मी'
शनिवार, 10 मई सुबह 10:30 बजे हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि, भारत में विभिन्न क्षेत्रों में कई स्थानों और नागरिकों को निशाना बनाने के बाद, पाकिस्तानी सेना अब अपने सैनिकों को अग्रिम क्षेत्रों की ओर भेज रही है। विंग कमांडर सिंह ने इस बात पर जोर देकर कहा कि, 'पाकिस्तान के सभी हमलों का उसी के अनुरूप प्रभावी ढंग से मुकाबला किया गया है।'
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान लगातार दुर्भावनापूर्ण फेक न्यूज अभियान चलाने का प्रयास कर रहा है, जिसमें भारतीय S-400 सिस्टम को इंटरसेप्ट करने, सूरतगढ़ और सिरसा में हवाई अड्डों को नष्ट करने का दावा किया गया है. उन्होंने पाकिस्तान के फैलाए जा रहे इन झूठे दावों को स्पष्ट रूप से खारिज किया.'
पंजाब में सेना ने मार गिराया 'YIHA III कामिकेज ड्रोन'
जानकारी के मुताबिक आज सुबह भारतीय सेना ने पाकिस्तान के चार एयरबेसों पर भी हमला किया. हालांकि इसकी पुष्टि सेना ने अभी तक नहीं की है. सेना ने पाकिस्तान पर जवाबी हमले की बात कही है। फिलहाल LoC पर कई स्थानों पर अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।