500 ड्रोन के साथ भारत के 24 शहर थे निशाना, पाकिस्तान के दुस्साहस की सामने आई तस्वीर

रूस में बने S-400 और स्वदेशी आकाश मिसाइल वाली भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने ड्रोन के खतरों का मुकाबला किया। उनमें से एक भी भारतीय जमीन को नहीं छू सका और तबाही मचाने से पहले ही उन्हें मार गिराया गया। पाकिस्तान ने गुरुवार को रात 8 बजे से 11.30 बजे के बीच ड्रोन हमले किए

अपडेटेड May 09, 2025 पर 5:07 PM
रूस में बने S-400 और स्वदेशी आकाश मिसाइल वाली भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने ड्रोन के खतरों का मुकाबला किया।

8 मई की रात को, भारत ने पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों और जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर लक्षित पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। यह हमला कितना बड़ा था, इसकी कुछ डिटेल सामने आई हैं। न्यूज18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ने 200 मिनट से कुछ अधिक समय में 500 छोटे ड्रोन दागे थे। उसका मकसद 24 भारतीय शहरों को निशाना बनाना था। पाकिस्तान ने गुरुवार को रात 8 बजे से 11.30 बजे के बीच ड्रोन हमले किए, जिसका भारतीय सशस्त्र बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

रूस में बने S-400 और स्वदेशी आकाश मिसाइल वाली भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने ड्रोन के खतरों का मुकाबला किया। उनमें से एक भी भारतीय जमीन को नहीं छू सका और तबाही मचाने से पहले ही उन्हें मार गिराया गया। गुरुवार शाम को जम्मू सिविल एयरपोर्ट पर केवल एक ड्रोन ही हमला करने में सफल रहा।

India Pakistan News: 'आतंकियों के आकाओं को हमें सौंप दो, नहीं तो भारी कीमत चुकानी होगी' भारत ने पाकिस्तान को दी चेतावनी


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने CDS यानि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, तीनों सेना प्रमुखों के साथ शुक्रवार को बैठक कर राष्ट्रीय सुरक्षा की व्यापक समीक्षा की। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान के साथ लगती भारत की सीमा और देश के हवाई अड्डों पर मौजूदा स्थिति की शुक्रवार को समीक्षा की। इस बीच एक खबर यह भी है कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने जम्मू में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे 7 आतंकवादियों को मार गिराया है। साथ ही पाकिस्तान रेंजर्स की एक चौकी को भी नष्ट कर दिया है।

7 मई को भारत ने उड़ाए थे 9 आतंकी ठिकाने 

एक दिन पहले 7 मई को, भारत ने तड़के ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। अधिकारियों ने कहा है कि मारे गए आतंकवादियों में दो पाकिस्तानी नागरिक थे। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के दो सप्ताह बाद भारत की ओर से उठाया गया कदम था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।