भारत चाहता है कि पाकिस्तान जल्द से जल्द तनाव कम करे या फिर उसे “भारी कीमत चुकानी पड़ेगी”। CNN-News18 ने शीर्ष सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया, क्योंकि भारत ने अपने मजबूत डिफेंस इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब को निशाना बनाकर पाकिस्तान के अकारण ड्रोन और मिसाइल हमलों को लगातार नाकाम किया। सूत्रों ने कहा, "पाकिस्तान को समस्या की जड़ पर फोकस करना चाहिए, जो कि उनके देश से आतंकवाद को खत्म करना है। भारत ने पाकिस्तान में अपने दुश्मनों पर हमला किया है, लेकिन किसी सैन्य या नागरिक को निशाना नहीं बनाया है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारी युद्ध तैयारियां बहुत बेहतर हैं और तकनीक स्वदेशी है। उनके मंत्री उन्माद और दहशत फैला रहे हैं, क्योंकि वे अपने घरेलू चुनावी क्षेत्र को बचाने के लिए बेताब हैं। हमारी मांग यह भी है कि इन आतंकी समूहों के प्रमुखों- मसूद अजहर, रऊफ अजगर और हाफिज सईद को सौंप दिया जाए।"
सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान को "छद्म युद्ध (Proxy War) बंद कर देना चाहिए और पीछे हट जाना चाहिए" क्योंकि देश पहले से ही आर्थिक संकट और घरेलू समस्याओं का सामना कर रहा है, और "90 प्रतिशत जनता सेना के खिलाफ खड़ी है"।
गुरुवार देर रात भारत ने जम्मू, जैसलमेर और पठानकोट जैसे अपने शहरों पर बिना उकसावे के हमलों को नाकाम करने के बाद इस्लामाबाद, लाहौर और सियालकोट पर हमला किया। भारतीय सेना ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान के संघर्ष विराम उल्लंघन का भी तेजी से जवाब दिया।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य प्रतिष्ठान जम्मू और कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन और मिसाइल हमलों का केंद्र थे। प्रवक्ता ने कहा कि खतरों को SOP के अनुसार, तुरंत बेअसर कर दिया गया। किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं मिली।
इससे पहले गुरुवार को रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पाकिस्तान ने इसी तरह के तरीकों का इस्तेमाल करके उत्तर और पश्चिमी भारत के 15 शहरों में सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने की कोशिश की थी। इन ठिकानों में अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज शामिल थे।