India-Pakistan Tension : राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। BSF के जवानों ने श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक पाकिस्तानी रेंजर को गिरफ्तार किया है।बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी रेंजर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान ही BSF जवानों ने उसे पकड़ लिया।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पाकिस्तानी रेंजर किस मकसद से भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। बता दें कि बीएसएफ का एक जवान पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से पाकिस्तान की हिरासत में है। जवान की रिहाई को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बीएसएफ कांस्टेबल पीके साहू पिछले हफ्ते गलती से पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए बीते आठ दिनों से बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। बीएसएफ अधिकारियों को हर बार पाकिस्तान की ओर से यही जवाब मिल रहा है कि “हम ऊपर से आदेशों का इंतजार कर रहे हैं।”
कभी-कभी सैनिक या आम लोग गलती से सीमा पार कर जाते हैं, और ऐसे मामलों को आमतौर पर दोनों देशों की सेना के बीच बनी सहमति के अनुसार सुलझाया जाता है। इस तरह की घटनाओं में आमतौर पर अधिकारियों की बैठक के बाद संबंधित व्यक्ति को वापस भेज दिया जाता है। फिलहाल पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच सारी बातचीत बंद है।
वहीं बीएसएफ कांस्टेबल पीके साहू की पत्नी रजनी सोमवार को पश्चिम बंगाल के रिशरा से पठानकोट गई थीं, ताकि अपने पति की स्थिति की जानकारी ले सकें। बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे कांस्टेबल की सुरक्षित वापसी के लिए हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। आश्वासन मिलने के बाद रजनी अमृतसर से कोलकाता लौट गईं। बीएसएफ ने उनकी फिरोजपुर से अमृतसर तक की यात्रा की व्यवस्था भी की थी।