Pahalgam Terror Attack : पहलगाम आतंकी हमले में पर्यटकों की बेरहमी से की गई हत्या को लेकर पूरी दुनिया में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा है। लंदन में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने पाकिस्तान उच्चायोग के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वहीं शनिवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग काठमांडू में पाकिस्तानी दूतावास के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दूतवास को लोगों ने बंद करने की मांग की।
नेपाल में जोरदार प्रदर्शन
नेपाल में हुए प्रदर्शनकारियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 मार्च को हुए बर्बर आतंकी हमले की निंदा की, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' जैसे नारे लगाए। इस विरोध प्रदर्शन में शामिल एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि, "नेपाल के सभी लोगों को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, इसीलिए हम यहां एकत्र हुए हैं।" एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि, "पर्यटकों से उनके धर्म के बारे में पूछा गया और फिर उन्हें मार दिया गया... भारत अपनी ओर से कार्रवाई कर रहा है, अब हम चाहते हैं कि नेपाल सरकार भी इसी तरह की कार्रवाई करे।"
वहीं नेपाल के अलावा लंदन में भी पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की गई। भारतीय प्रवासी समुदाय के एक सदस्य ने कहा, हम भारतीयों का समर्थन करने के लिए यहां हैं। मैं भारतीय यहूदी हूं, और यहां हमारे पास एक बड़ा यहूदी समुदाय है, जो हमेशा भारत का समर्थन करता है क्योंकि हमारे दुश्मन एक ही हैं। पहलगाम हमले को लेकर लंदन में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे भारतीयों को एक सीनियर पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी ने धमकाने की कोशिश की। इस अधिकारी ने हाथ से गला रेतने का एक्शन किया और फिर मुस्करा दिया।
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कहा है कि वे पहलगाम हमले के बाद हर जांच के लिए तैयार हैं। शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान को बदनाम किया जा रहा है।वहीं पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भारत के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया है। उन्होंने शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सिंधु नदी में या तो हमारा पानी बहेगा, या फिर उनका खून बहेगा। सिंधु दरिया हमारा है और हमारा ही रहेगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, भारत-पाक सीमा पर तनाव हमेशा से रहा है, लेकिन वे इसे किसी न किसी तरह सुलझा लेंगे. मैं दोनों नेताओं को जानता हूं. पाकिस्तान और भारत के बीच बहुत तनाव है, लेकिन यह हमेशा से रहा है।