Delhi Heat Wave Alert: दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक आराम जरूरी! मजदूरों को प्रचंड गर्मी से बचाने के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने जारी किए आदेश

Delhi Heat Wave Alert: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए लगातार उपाय करने के निर्देश अधिकारियों को जारी कर रही हैं। इसके साथ ही खुद भी इस पर ध्यान दे रही हैं। इसी कड़ी में सीएम ने प्रंचड गर्मी में राजधानी में काम करने वाले मजदूरों को दोपहर में 3 घंटे की छुट्टी देने की घोषणा की है

अपडेटेड May 03, 2026 पर 8:11 AM
Story continues below Advertisement
Delhi Heat Wave Alert: दिल्ली में अब मजदूरों को दोपहर में 1 बजे से 4 बजे तक आराम देना जरूरी है

Delhi Heat Wave Alert: प्रचंड गर्मी की वजह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच में मजदूर काम नहीं करेंगे। मजदूरों को जानलेवा गर्मी से बचाने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'हीट वेव एक्शन प्लान 2026' को जारी कर दिया है। इसके तहत, बाहर काम करने वाले मजदूरों के लिए तीन घंटे का ब्रेक लेना अनिवार्य कर दिया गया है। पूरी राजधानी में कई विभागों की मदद से बड़े पैमाने पर कूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (गर्मी से राहत देने वाली व्यवस्था) तैनात किया जा रहा है। साथ ही, आदेश में कहा गया है कि उनके लिए पीने के पानी, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी की जाए।

सीएम गुप्ता ने साफ किया है कि मजदूर चाहे सरकारी काम कर रहे हों या प्राइवेट, लेकिन उन्हें दोपहर में 1 बजे से 4 बजे तक आराम देना जरूरी है। इसके साथ ही DTC बसों में पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। सीएम ने परिवहन विभाग को राजधानी के सभी बस स्टॉप के पास जल काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहां ठंडा पानी और ओआरएस (ORS) घोल उपलब्ध रहेगा। मुख्यमंत्री गुप्ता ने बताया कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पानी, पंखे, कपड़े और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पोस्ट पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "हीट वेव (लू) का असर सभी लोगों पर पड़ता है। लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत उन मजदूरों और श्रमिकों को होती है जो तेज धूप में काम करते हैं। सरकार के निर्देशानुसार, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक सभी मजदूरों को आराम दिया जाना जरूरी है, चाहें वे प्राइवेट में काम कर रहे हों या सरकारी काम में...।"


'बसों में यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था'

रेखा गुप्ता ने आगे कहा, "डीटीसी की बसों में यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। बस शेल्टर पर जल सेवक तैनात किए जा रहे हैं, जो लोगों को पानी और ओआरएस देंगे। अस्पतालों में हीट वेव से जुड़ी सभी जरूरी दवाइयां और इलाज की व्यवस्था कर दी गई है।"

उन्होंने आगे कहा, "अस्पतालों में ठंडे स्थान (कूलिंग एरिया) बनाए जा रहे हैं। स्कूलों में भी बच्चों के लिए पानी और ओआरएस की व्यवस्था पहले से कर ली गई है। वॉलंटियर्स अलग-अलग जगहों पर कैप और कॉटन मफलर बांट रहे हैं, ताकि लोग खुद को गर्मी से बचा सकें।"

'जलदूत तैनात' करने के आदेश

इसके पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीटीसी अधिकारियों को निर्देश दिया था कि 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर यात्रियों और कर्मचारियों को फ्री पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए 'जलदूत तैनात'' करें। एक बयान में कहा गया कि स्वास्थ्य के मोर्चे पर दिल्ली भर में 339 से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों को ओआरएस, आइस पैक और संबंधित जरूरी सामानों से लैस किया गया है।

ये भी पढ़ें- Delhi Judge Suicide Update: 'आत्महत्या से कुछ घंटे पहले ही पत्नी से झगड़ा हुआ था..'; दिल्ली जज खुदकुशी मामले में साली की एंट्री से नया मोड़

जबकि 30 से ज्यादा अस्पतालों में अब लू के इलाज के लिए स्पेशल 'कूल रूम' बनाए गए हैं। इसके अलावा, 174 मेडिकल अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं को लू से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए ट्रेंड किया गया है। इमरजेंसी प्रतिक्रिया के लिए 330 एम्बुलेंस को तैयार रखा गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।