Credit Cards

PM Modi Punjab Visit: 9 सितंबर को बाढ़ग्रस्त पंजाब का दौरा करेंगे PM मोदी, स्पेशल रिलीफ पैकेज का कर सकते हैं ऐलान

Flood In Punjab: पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने भारी जान-माल का नुकसान पहुंचाया है। अधिकारियों ने शनिवार तक 14 जिलों में 46 लोगों की मौत की पुष्टि की है। बाढ़ से 3.87 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और लगभग 2,000 गांव पानी में डूब गए हैं

अपडेटेड Sep 07, 2025 पर 11:01 AM
Story continues below Advertisement
गुरदासपुर, फाजिल्का और फिरोजपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से है

PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित पंजाब का 9 सितंबर को दौरा करेंगे। वह राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेंगे और चल रहे राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। पंजाब बीजेपी ने एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी है। पार्टी ने बताया कि प्रधानमंत्री गुरदासपुर का दौरा करेंगे, जहां वह बाढ़ प्रभावित लोगों और किसानों से मिलकर 'उनके दुख को साझा करेंगे और पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।'

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान पंजाब के लिए एक विशेष राहत पैकेज की घोषणा कर सकते हैं। पंजाब के अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे अन्य राज्यों में भी बाढ़ और लैंडस्लाइड से भारी तबाही हुई है, जिनका जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री इन राज्यों का भी दौरा कर सकते हैं।


दशकों की सबसे भीषण बाढ़, लाखों लोग प्रभावित

पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने भारी जान-माल का नुकसान पहुंचाया है। अधिकारियों ने शनिवार तक 14 जिलों में 46 लोगों की मौत की पुष्टि की है। बाढ़ से 3.87 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और लगभग 2,000 गांव पानी में डूब गए हैं। सतलुज नदी में आए उफान और लगातार हो रही बारिश से आई इस बाढ़ को अधिकारियों ने दशकों में सबसे भीषण बताया है, जिसने 1988 की बाढ़ के पैमाने को भी पार कर दिया है। 18 जिलों में 1.75 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर धान और अन्य खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। गुरदासपुर, फाजिल्का और फिरोजपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से हैं।

सरकार और सेना का बचाव कार्य जारी

राज्य सरकार ने पंजाब को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है और युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की संयुक्त टीमों ने बाढ़ प्रभावित गांवों से 22,000 से अधिक लोगों को निकाला है। विस्थापितों को आश्रय देने के लिए 200 से अधिक राहत शिविर बनाए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।