LPG और तेल को लेकर जल्द आ सकती है 'गुड न्यूज', भारत-UAE के बीच होने वाली है बिग डील!

India UAE Deal: यूएई के साथ होने वाला यह समझौता भारत के इमरजेंसी तेल भंडार को मजबूत करेगा। पीएम का यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में यूएई ने तेल निर्यातक देशों के संगठन OPEC से बाहर होने का ऐलान किया है। ऐसे में भारत के पास सीधे तौर पर बेहतर डील करने का मौका है

अपडेटेड May 14, 2026 पर 10:49 AM
Story continues below Advertisement
यूएई, भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है

PM Modi UAE Visit: पीएम मोदी कल, 15 मई को संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर रहेंगे। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच यह दौरा भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच LPG और सामरिक तेल भंडार को लेकर दो बड़े समझौते फाइनल होने की संभावना है।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति जायद के बीच ईरान-अमेरिका युद्ध पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। भारत इस क्षेत्र में शांति का पक्षधर है क्योंकि युद्ध की स्थिति में तेल की कीमतें आसमान छू सकती हैं, जिसका सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

भारत के लिए क्यों जरूरी है ये डील?


ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ गया है, जहां से दुनिया का 20% कच्चा तेल गुजरता है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए खाड़ी देशों पर निर्भर है। यूएई के साथ होने वाला यह समझौता भारत के इमरजेंसी तेल भंडार को मजबूत करेगा। पीएम का यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में यूएई ने तेल निर्यातक देशों के संगठन 'ओपेक' (OPEC) से बाहर होने का ऐलान किया है। ऐसे में भारत के पास सीधे तौर पर बेहतर डील करने का मौका है।

व्यापार और निवेश पर होगा फोकस

यूएई, भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने बताया कि पीएम मोदी के पास द्विपक्षीय संबंधों का एक कंक्रीट एजेंडा है, जिसमें रक्षा, क्लीन एनर्जी और अंतरिक्ष सहयोग जैसे विषय शामिल हैं। इटली और नीदरलैंड के साथ भी भारत का व्यापार अरबों डॉलर का है, जिसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी है।

यूरोप के 4 देशों के दौरे पर निकल जाएंगे पीएम मोदी

यूएई में महज 4 घंटे बिताने के बाद पीएम मोदी अपने 5 दिवसीय यूरोप दौरे पर निकल जाएंगे। इस दौरान वे नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे:

नीदरलैंड (15-17 मई): पीएम मोदी किंग विलेम-अलेक्जेंडर और पीएम रोब जेटन से मिलेंगे। नीदरलैंड भारत के लिए यूरोप में चौथा सबसे बड़ा निवेशक है।

स्वीडन (17-18 मई): 2018 के बाद यह पीएम का दूसरा दौरा है। यहां डिफेंस, AI और स्टार्टअप्स पर चर्चा होगी।

नॉर्वे (18-19 मई): यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का 43 साल बाद पहला नॉर्वे दौरा होगा। यहां वे 'भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन' में हिस्सा लेंगे।

इटली (19-20 मई): दौरे के आखिरी पड़ाव में पीएम मोदी अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।