छात्रों के बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, चलाया वॉटर कैनन...झारखंड विधानसभा मार्च में बवाल

Jharkhand Student Protest: रांची में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ विरोध कर रहे छात्र आज जब बैरिकेड्स तोड़कर झारखंड विधानसभा ओर बढ़े, तब उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उनपर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

अपडेटेड Aug 10, 2026 पर 2:08 PM
झारखंड में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, चलाया वॉटर कैनन

Jharkhand Student Protest: रांची में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ विरोध कर रहे छात्र आज जब बैरिकेड्स तोड़कर झारखंड विधानसभा ओर बढ़े, तब उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उनपर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही कह चुके हैं कि किसी भी समस्या का समाधान लाठी के इस्तेमाल से नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए निकाला जा सकता है।

बता दें कि पेपर लीक की लगातार घटनाओं से प्रभावित छात्र आज भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर झारखंड विधानसभा पहुंचे। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उनकी मेहनत बेकार न जाए।

वहीं, भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र महतो ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि अगर पुलिस उन्हें रोकती है तो वे बहस या किसी तरह के विवाद में न पड़ें। उन्होंने छात्रों से अनुशासन बनाए रखते हुए विधानसभा तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते तलाशने की अपील की।


एक छात्र ने कहा- सरकार को हमारी बात सुननी चाहिए

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आज सुबह कई जिलों से हजारों लोग बड़ी संख्या में ट्रेन, बस और अन्य गाड़ियों से राज्य की राजधानी पहुंचे। एक छात्र ने NDTV से कहा, "सरकार को हमारी बात सुननी चाहिए और जवाब देना चाहिए।"

वहीं, शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मुख्य चौराहों और संवेदनशील जगहों पर बैरिकेड लगा दिए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि आज रांची में ज्यादातर स्कूल बंद हैं।

जानकारी के मुताबिक, रांची पहुंचने वाले छात्रों की संख्या को सीमित करने की कोशिश के लिए, पुलिस जिले की सीमाओं, मुख्य सड़कों और हाईवे पर बसों और निजी वाहनों की जांच भी कर रही थी।

इसी बीच, बीजेपी नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के बाहर भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

छात्रों के प्रोटेस्ट की क्या है वजह?

बता दें कि झारखंड में छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन की बड़ी वजह JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताएं हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के कारण उनकी मेहनत और करियर पर असर पड़ रहा है।

आज का यह विधानसभा मार्च छात्रों और सरकार के बीच कई दौर की बातचीत के बाद हो रहा है। सरकार की ओर से गठित कमेटी ने छात्रों से बातचीत कर आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन 16 दिनों से जारी प्रदर्शन को खत्म करने के लिए छात्र तैयार नहीं हुए।

रविवार को हुई छठे दौर की बातचीत

इससे पहले रविवार को हुई छठे दौर की बातचीत में भी कोई समाधान नहीं निकल सका। छात्र कथित परीक्षा गड़बड़ियों की CBI जांच कराने की अपनी मांग पर अड़े रहे। इसी वजह से बातचीत बेनतीजा रही और छात्रों ने आज विधानसभा मार्च का फैसला किया।

राज्य सरकार ने दावा किया कि उसने उनकी "98 प्रतिशत" मांगें मान ली हैं और छात्रों से अपना विरोध-प्रदर्शन वापस लेने का आग्रह किया।

हालांकि, छात्रों का कहना था कि सरकार ने उन 13 टेस्ट में से सिर्फ तीन को रद्द करने पर सहमति जताई थी, जिन्हें वे रद्द करवाना चाहते थे। JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने जोर देकर कहा कि वे CBI जांच की अपनी मांग पर अडिग हैं। इस आंदोलन के तहत छह प्रदर्शनकारी अभी भी भूख हड़ताल पर हैं।

आरोपी के खिलाफ कार्रवाई सख्त होगी

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही प्रदर्शनकारी छात्रों को भरोसा दिला चुके हैं कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

JPSC के तीन सदस्यों ने दिया इस्तीफा

झारखंड में JPSC को लेकर भी बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामले में CID के समन के बाद कल आयोग के तीन सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया। इससे JPSC में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

इससे पहले 22 जुलाई को JPSC के चेयरपर्सन एल खियांग्ते भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Protest: 'यह पाकिस्तान, बांग्लादेश या चीन नहीं...' विधानसभा की बैरिकेडिंग पर क्यों भड़के झारखंड के छात्र नेता देवेंद्र महतो?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।