Prateek Yadav Death News: समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज यानी गुरुवार (14 मई) सुबह लगभग 11 बजे लखनऊ के भैसाकुंड में किया जाएगा। इससे पहले, अंतिम दर्शन के लिए प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया है। प्रतीक यादव के मृत्यु ने न केवल परिवार को बल्कि राजनीतिक हलकों में भी शोक की लहर दौड़ा दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में बुधवार (13 मई) सुबह लखनऊ में निधन हो गया था।
प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार से संबंधित जानकारी पत्नी अपर्णा यादव ने बुधवार रात को एक्स पर शेयर की। अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अत्यंत दुख के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव के प्रिय पुत्र और हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में आपकी गरिमामय उपस्थिति अत्यंत निवेदन योग्य है।"
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव की मृत्यु अचानक कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई। उनकी मौत मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण हुई। रिपोर्ट के मुताबिक यह एक जानलेवा स्थिति होती है, जिसमें पैरों और पेल्विस क्षेत्र में बना खून का थक्का शरीर के ऊपरी हिस्सों तक पहुंच जाता है। अंततः फेफड़ों की धमनी को बाधित कर देता है। इस वजह से कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ, जो अंततः प्रतीक की असामयिक मृत्यु का कारण बना।
रिपोर्ट के अनुसार, हृदय और फेफड़ों से संबंधित थ्रोम्बोएम्बोलिक पदार्थों को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। जबकि विसरा को रासायनिक विश्लेषण हेतु संरक्षित कर संबंधित पुलिस अधिकारी को सौंप दिया गया है। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी पी गुप्ता के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना मिलने पर डॉक्टरों की टीम प्रतीक यादव के आवास पर भेजी गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां सुबह लगभग 5:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक यादव के शरीर पर चोटों के कुल छह निशान पाए गए। सीने के दाहिने हिस्से, दाहिने हाथ, दाहिने अग्रभाग (फोरआर्म), दाहिनी कोहनी और बाईं कलाई पर गंभीर अंदरूनी चोट और त्वचा के नीचे रक्त जमाव के संकेत मिले। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पहली चोट 14×7 सेंटीमीटर आकार की थी, जो छाती के सामने वाले हिस्से पर पाई गई। इसका मध्य भाग लाल-भूरे रंग का था। जबकि किनारे हरे-पीले रंग के दिखाई दिए। दूसरी चोट 19×12 सेंटीमीटर आकार की थी, जो दाहिने हाथ के पिछले हिस्से पर मिली। तीसरी चोट 24×8 सेंटीमीटर की थी, जो दाहिने फोरआर्म पर पाई गई।
चौथी चोट 6×4 सेंटीमीटर की थी, जो दाहिने फोरआर्म पर मिली। पांचवीं चोट दाहिनी कोहनी पर और छठी चोट बाईं कलाई पर पाई गई। इन चोटों के नीचे खून का जमाव मिलने से प्रारंभिक आशंकाओं की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि प्रतीक यादव के शरीर पर मिली सभी चोटें मौत से पहले लगी थीं। रिपोर्ट के अनुसार पहली, दूसरी और तीसरी चोट लगभग 5 से 7 दिन पुरानी थीं। जबकि चौथी, पांचवीं और छठी चोट करीब एक दिन पुरानी बताई गई हैं। प्रतीक के परिवार में पत्नी अपर्णा यादव और उनकी दो बेटियां हैं।