Adampur Airbase : मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने, भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया और पाकिस्तान द्वारा भारत की एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम पर फैलाए जा रहे झूठे प्रोपेगेंडा पर भी करारा जवाब दिया। आदमपुर एयरबेस पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, 'भारत माता की जय की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है। भारत माता की जय बोलने पर दुश्मन कांपने लगते हैं। भारत माता की जय मैदान में भी गुंजती है और मिशन में भी। हमारी फौज न्यूक्लियर धमकी की हवा निकाल देती है। हम घर में घुसकर मारेंगे और आतंकियों को बचने का मौका भी नहीं देंगे।'
भारत की धरती को कोई छूएगा तो...
पीएम मोदी ने कहा कि, भारत की धरती को छूएगा उसका विनाश ही नहीं बल्कि महाविनाश होगा। भारत में निर्दोष लोगों की खून बहाने का एक ही अंजाम होगा तबाही। आदमपुर एयर बेस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि आप सभी ने अपने लक्ष्य को पूर्णता के साथ हासिल किया। पाकिस्तान में न केवल आतंकवादी शिविर और उनके हवाई अड्डे नष्ट किए गए, बल्कि उनके नापाक मंसूबों और दुस्साहस को भी परास्त किया गया।"
आदमपुर एयर बेस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जब हमारे ड्रोन दुश्मन के किले की दीवारें ध्वस्त करते हैं, जब हमारी मिसाइलें सनसनाती हुई ध्वनि के साथ लक्ष्य तक पहुंचती हैं, तो दुश्मन को 'भारत माता की जय' सुनाई देती है। जब हम रात में भी सूरज को रोशन करते हैं, तो दुश्मन को 'भारत माता की जय' सुनाई देती है। जब हमारी सेनाएं परमाणु ब्लैकमेल की धमकी को उड़ा देती हैं, तो आसमान से केवल एक ही बात गूंजती है- 'भारत माता की जय'। आप सभी ने करोड़ों भारतीयों को गौरवान्वित किया है, हर भारतीय की मां को गौरवान्वित किया है, आपने इतिहास रचा है, और मैं आपको देखने के लिए आज सुबह आपके बीच आया हूं।"
आतंकवाद के खिलाफ भारत की 'लक्ष्मण रेखा'
आदमपुर एयरबेस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आतंकवाद के खिलाफ भारत की 'लक्ष्मण रेखा' अब बिल्कुल स्पष्ट है। अगर अब कोई और आतंकी हमला हुआ तो भारत जवाब देगा - कड़ा जवाब। हमने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान, एयर स्ट्राइक के दौरान ये देखा। अब ऑपरेशन सिंदूर भारत का नया नॉर्मल है। जैसा मैंने कल कहा, भारत ने तीन बातें तय की हैं। पहली, अगर भारत पर कोई आतंकी हमला होता है तो हम अपने तरीके से, अपनी शर्त पर, अपने समय पर जवाब देंगे। दूसरी, भारत किसी भी परमाणु ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं करेगा। तीसरी, हम आतंक को समर्थन देने वाली सरकार और आतंकी सरगनाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे। दुनिया भी भारत के नए स्वरूप, उसकी नई व्यवस्था को समझकर आगे बढ़ रही है।"
बता दें कि, पिछले हफ्ते भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया। इस सैन्य कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित किया और अगले दिन आदमपुर एयरबेस का दौरा किया। इस ऑपरेशन से पाकिस्तान हैरान रह गया और उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय सीमा की तरफ ड्रोन और फाइटर जेट भेजे, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और झड़पें बढ़ गईं।
सोमवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया ने देखा कि पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल कैसे भारत के एयर डिफेंस सिस्टम के सामने कमजोर साबित हुए और हवा में ही गिरा दिए गए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने सीमा पर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन भारत ने सीधा उसके दिल पर वार कर उसे करारा जवाब दिया। यह बयान प्रधानमंत्री मोदी की ओर से पाकिस्तान के उस दावे का सीधा और कड़ा जवाब था, जिसमें पाकिस्तान ने कहा था कि उसके हवाई हमलों ने भारत की एयर डिफेंस सिस्टम जैसे एस-400 और आकाश को तबाह कर दिया है। पीएम मोदी ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया।