ChatGPT, सोनम का 'मर्डर मॉडल' और फर्जी इंस्टा! केतन हत्याकांड की 5,053 पन्नों की चार्जशीट से खौफनाक खुलासा

Ketan Murder Case: पुणे के 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की 5,053 पन्नों की चार्जशीट में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हुए हैं। मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी ने चैटजीपीटी, क्राइम फिल्मों और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए हत्या की साजिश रची। सिया ने राजा रघुवंशी केस में सोनम के प्लान से ट्रेनिंग ली थी। जानिए इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी इनसाइड स्टोरी

अपडेटेड Sep 20, 2026 पर 5:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फरवरी में सगाई के बाद नवंबर में जयपुर में दोनों की भव्य शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया

Pune Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के 26 वर्षीय युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने कोर्ट में 5,053 पन्नों की सनसनीखेज चार्जशीट दाखिल की है। 18 जून को लोहागढ़ किले से धकेलकर की गई केतन की हत्या की साजिश किसी थ्रिलर फिल्म की पटकथा जैसी है।

इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल, उसके प्रेमी चेतन चौधरी और उनके साथी रितेश हांगे को पुलिस ने गिरफ्तार किया हुआ है। फरवरी में सगाई के बाद नवंबर में जयपुर में दोनों की भव्य शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया।

आइए आपको बताते हैं कि पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट में इस हत्या की साजिश के क्या-क्या चौंकाने वाले चरण सामने आए हैं।


किराए के हत्यारे का प्लान किया ड्रॉप

चार्जशीट के मुताबिक, शुरुआत में आरोपियों का इरादा केतन को गंभीर रूप से घायल करने का था। इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र के बाहर किसी भाड़े के व्यक्ति को सुपारी देने का विचार भी किया। लेकिन पुलिस के डर से यह प्लान रद्द कर दिया गया, क्योंकि उन्हें डर था कि सुपारी वाला व्यक्ति बाद में सच उगल सकता है या उन्हें ही ब्लैकमेल कर सकता है। जिस व्यक्ति से सुपारी को लेकर संपर्क किया गया था, वह अब इस केस में पुलिस का सरकारी गवाह बन चुका है।

ChatGPT, मर्डर फिल्में और मेघालय मर्डर केस से ली ट्रेनिंग

सुपारी का प्लान टलने के बाद सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने खुद हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए मर्डर फिल्में देखीं, चैटजीपीटी का इस्तेमाल किया और क्राइम पॉडकास्ट सुने।

उन्होंने इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड का गहन अध्ययन किया, जिसमें उसकी पत्नी सोनम ने पिछले साल मई में हनीमून के दौरान मेघालय में अपने पति की हत्या करवा दी थी।

लोहागढ़ किला ही क्यों चुना?

हत्या की जगह चुनने के लिए सिया और चेतन ने लोनावला के आसपास टाइगर पॉइंट और कई अलग-अलग सुनसान जगहों की रेकी की। आखिरकार उन्होंने लोहागढ़ किला चुना। इसके पीछे की वजह यह थी कि पिछले साल मार्च में वहां एक महिला की मौत हुई थी। आरोपियों को लगा कि केतन को किले से नीचे फेंककर उसकी मौत को बड़ी आसानी से 'सेल्फी लेते समय हुआ हादसा' साबित किया जा सकता है।

जून 14 की नाकाम कोशिश और 'सांप' का झूठा बहाना

चार्जशीट से खुलासा हुआ है कि 18 जून की अंतिम घटना से पहले भी सिया ने केतन को मारने की कोशिश की थी। 14 जून को सिया और केतन लोहागढ़ गए थे। सिया ने केतन को चट्टान से नीचे धकेलने का प्रयास किया, लेकिन केतन ने समय रहते एक पेड़ को पकड़ लिया और उसकी जान बच गई। जब केतन ने इस धक्के पर सिया से सवाल उठाया, तो सिया ने रोने का नाटक करते हुए कहा कि उसने वहां एक सांप देखा था और वह तो उसे सांप से बचाने की कोशिश कर रही थी।

पासपोर्ट फाड़ा ताकि बाली ट्रिप रद्द हो जाए

आरोपी इस वारदात को एक तय समय सीमा के भीतर अंजाम देना चाहते थे। 4 जून को सिया केतन को किले ले जाना चाहती थी क्योंकि वे बाली की ट्रिप पर जाने वाले थे। लेकिन जब प्लान नहीं बना, तो 6 जून को प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान सिया चुपके से कैफे के वॉशरूम में गई और केतन का पासपोर्ट फाड़कर फेंक दिया, ताकि बाली की विदेश यात्रा ही रद्द हो जाए और उन्हें मर्डर का मौका मिल सके।

'माही' की फर्जी इंस्टा आईडी से बुना सरप्राइज बर्थडे का जाल

तीसरे आरोपी रितेश हांगे ने एक परिचित महिला की तस्वीर का इस्तेमाल करके 'Mahi' नाम से एक फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इस आईडी से केतन को मैसेज भेजे गए और उसे यकीन दिलाया गया कि 18 जून को सिया के लिए लोहागढ़ किले पर एक स्पेशल 'सरप्राइज बर्थडे प्लान' रखा गया है। केतन की मौत के तुरंत बाद इस फेक इंस्टाग्राम अकाउंट को डिलीट कर दिया गया।

18 जून को खौफनाक वारदात को दिया अंजाम

18 जून को साजिश के मुताबिक, चेतन चौधरी एक एग्जिट रूट के जरिए लोहागढ़ किले में घुसा और छिपा रहा। जैसे ही सिया ने केतन का ध्यान भटकाया, उसने चेतन को एक तय इशारा दिया। सिया ने केतन को पीछे से धक्का दिया और साथ ही चेतन ने दौड़कर केतन को लात मारी, जिससे वह सीधे किले की ऊंचाई से नीचे जा गिरा और उसकी मौत हो गई।

पुलिस के पास 100 से ज्यादा गवाह और डिजिटल एविडेंस

पुणे पुलिस ने अपनी 5,053 पन्नों की चार्जशीट को बहुत मजबूत बनाया है। केस में 5 चश्मदीदों सहित 100 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। मोबाइल फोन डेटा, डिलीट की गई वॉट्सऐप चैट्स, तस्वीरें, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और चैटजीपीटी की सर्च हिस्ट्री को मजबूत सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।