Punjab Floods: 1000 गांव डूबे, 3 लाख लोगों को छोड़ना पड़ा घर...बाढ़ से पंजाब में भीषण तबाही, जानें अब कैसे हैं हालात

Punjab Floods: पंजाब के 23 में से 12 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बाढ़ का सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और होशियारपुर जिलों में देखा जा रहा है। इससे करीब 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए और करीब 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर अब तक शिफ्ट किया जा चुका है

अपडेटेड Sep 03, 2025 पर 5:50 PM
Story continues below Advertisement
हमेशा हरे-भरे फसलों से गुलजार दिखने वाले पंजाब में इस समय चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा है।

Punjab Floods: हमेशा हरे-भरे फसलों से गुलजार दिखने वाले पंजाब में इस समय चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। उत्तर भारत में इस समय पानी का सैलाब आया हुआ है। पंजाब, हिमाचल, उतराखंड, जम्मू-कश्मीर...इन राज्यों में जहां भी नजर घुमाइए सिर्फ पानी का सैलाब ही दिख रहा है। यहां नदियां उफान पर हैं और बाढ़ ने लोगों को बुरी तरह से प्रभावित किया है। पानी के प्रकोप से लोग परेशान हैं और मदद की आस लगाए बैठे हैं। किसी ने भी नहीं सोचा था कि बाढ़... इस बार पंजाब, हिमाचल और जम्मू में ऐसा रौद्र रूप दिखाएगा। तबाही का सबसे बड़ा मंजर पंजाब में देखने को मिला है। पंजाब में आया ये बाढ़ बीते चार दशकों में सबसे भयानक मानी जा रही है। 3 लाख एकड़ से ज्यादा फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और 1000 से ज्यादा गांव जलमग्न हैं। पंजाब में आए इस तबाही में अबतक 30 लोगों की जान भी जा चुकी है।


ये नदियां उफान पर 

पंजाब की नदियां सतलज, ब्यास, रावी, और घग्गर उफान पर हैं। ये नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसके कारण पंजाब में हाहाकार मचा हुआ है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पंजाब से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर दिया गया है। राज्य में हालात बहुत ज्यादा खराब है और इसी वजह चीन में आयोजित SCO की बैठक से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात की थी, और बाढ़ के हालात की जानकारी ली थी। फिलहाल राज्य में प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है।

पानी में डूबे पंजाब के 12 जिले 

बता दें कि पंजाब के 23 में से 12 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बाढ़ का सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और होशियारपुर जिलों में देखा जा रहा है। इससे करीब 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए और करीब 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर अब तक शिफ्ट किया जा चुका है। बाढ़ की वजह से पंजाब की खेती पर भी असर पड़ा है। खेती की करीब 3 लाख एकड़ की जमीन प्रभावित हुई है। जिससे धान, कपास, और मक्का की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। केंद्र सरकार ने केंद्रीय दलों (आईएमसीटी) को नुकसान का आकलन करने के लिए पंजाब भेजा है और पंजाब को हर संभव मदद का भरोसा जताया है। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने केंद्र सरकार से रुके हुए 60 हजार करोड़ रुपए का फंड तुरंत जारी करने की मांग की है।

सभी स्कूल-कॉलेज हुए बंद

वहीं राज्य में उपजे आपदा वाले हालात के बाद पंजाब सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज कुछ और दिनों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। पहले ये 4 सितंबर को खुलने वाले थे, लेकिन अब भारी बारिश और बाढ़ के कारण तारीख बदल दी गई है। नए आदेश के अनुसार, राज्य के सारे स्कूल 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। अगर बाढ़ की स्थिति में सुधार होता है, तो 8 सितंबर से स्कूल खुलेंगे। वहीं 8 सितंबर तक भी अगर बाढ़ के हालात नहीं सुधरे तो स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियां और भी आगे बढ़ाई जा सकती हैं।

लोगों को बचाने में जुटी सेना

दशकों बाद मौसम की ऐसी भयंक मार झेल रहे पंजाब में राहत और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीमें भी भारतीय सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। वहीं इस त्रासदी के बीच, कई पंजाबी और बॉलीवुड कलाकारों ने पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। दिलजीत दोसांझ ने एनजीओ और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर अमृतसर और गुरदासपुर के 10 गांवों को गोद लिया है और वहां राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। वहीं एमी विर्क ने 200 से ज़्यादा घरों की मदद करने का ऐलान किया है। शहनाज़ गिल और सोनम बाजवा ने भी मदद के लिए अपनी-अपनी पहल की है।

Rajat Kumar

Rajat Kumar

First Published: Sep 03, 2025 5:50 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।