पंजाब में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 3 आतंकी गिरफ्तार, टैक्सी ड्राइवर की हत्या मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Punjab: पंजाब के डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक साहिल बशीर जम्मू-कश्मीर के पीएस कलामबाद में यूएपीए (UAPA) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में वांटेड था। उसका भाई एजाज अहमद पहले भी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हथियारों और सामग्री के साथ गिरफ्तार हो चुका है

अपडेटेड Sep 03, 2025 पर 9:02 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस ने उनके पास से छीनी गई गाड़ी और अपराध में इस्तेमाल की गई 0.32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की है

Punjab Police: पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक टैक्सी ड्राइवर के अपहरण और हत्या के मामले में जम्मू-कश्मीर के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी मंगलवार को डीजीपी गौरव यादव ने दी। दरअसल मोहाली के नयागांव निवासी अनिल कुमार नाम के एक टैक्सी ड्राइवर की हत्या और अपहरण के मामले में इन आरोपियों को पकड़ा गया है। शुरुआती जांच में पता चला कि जम्मू-कश्मीर के इन तीनों लोगों ने खरड़ कस्बे से टैक्सी किराए पर ली थी। इसके तुरंत बाद ड्राइवर का मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे पुलिस को शक हुआ।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, तुरंत कई पुलिस टीमों का गठन किया गया, और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से छीनी गई गाड़ी और अपराध में इस्तेमाल की गई 0.32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की है।


आरोपियों ने कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि झगड़े के बाद उन्होंने ड्राइवर को गोली मार दी और बाद में शव को मोहाली इलाके में फेंक दिया। शव को बरामद करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

पंजाब के डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक साहिल बशीर जम्मू-कश्मीर के पीएस कलामबाद में यूएपीए (UAPA) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में वांटेड था। उसका भाई एजाज अहमद पहले भी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हथियारों और सामग्री के साथ गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने इन दोनों भाइयों को जैश-ए-मोहम्मद का ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) बताया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।