Punjab DM Suicide Case: अमृतसर अधिकारी के आत्महत्या मामले में पुलिस का एक्शन, पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ FIR दर्ज

Punjab DM Suicide Case: अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (PWC) के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने जहर खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। एक कथित वीडियो में उन्होंने पंजाब सरकार में मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। इसके बाद भुल्लर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 11:50 AM
Story continues below Advertisement
Punjab DM Suicide Case: सीएम भगवंत मान ने इस संबंध में मुख्य सचिव को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं

Punjab DM Suicide Case: अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (PWC) के एक अधिकारी की कथित आत्महत्या के सिलसिले में पुलिस ने राज्य के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ FIR दर्ज किया है। अधिकारियों ने रविवार (22 मार्च) को बताया कि अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेश के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार (21 मार्च) को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने भुल्लर के पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और उनके पर्सनल असिस्टेंट (PA) दिलबाग सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

यह मामला अमृतसर के रणजीत एवेन्यू पुलिस थाने में रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत पर शनिवार रात दर्ज किया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (साझा इरादा) के तहत FIR दर्ज की गई है। लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

अधिकारी के आत्महत्या मामले में SHO रॉबिन हंस ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "FIR दर्ज कर ली गई है। मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। यह कुल 6 लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है, जिसमें तीन नाम शामिल हैं लालजीत सिंह भुल्लर और दो अन्य...।"


सुसाइड नोट में मंत्री पर लगाए आरोप

अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भुल्लर से पद छोड़ने को कहा था। रंधावा को वीडियो में यह कहते सुना गया, "खा लयी सल्फास तुहाडे यार ने। मिनिस्टर लालजीत भुल्लर दे डर तों। हुण नहीं मैं बचना (तुम्हारे यार ने सल्फास खा लिया है, मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से। अब मैं नहीं बचूंगा)।" तरनतारन जिले के पट्टी से विधायक भुल्लर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को निराधार बताया।

इससे पहले मान ने कहा था कि उन्होंने मुख्य सचिव को इस मामले में जांच करने का निर्देश दिया है। साथ ही भुल्लर से पद छोड़ने को कहा है ताकि निष्पक्ष तरीके से जांच की जा सके। मान ने कहा था कि इस मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भुल्लर के परिवहन एवं जेल विभाग किसी अन्य मंत्री को सौंपे जाएंगे।

विपक्ष ने की AAP सरकार की आलोचना

वीडियो के ऑनलाइन सामने आने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की आलोचना की। साथ ही भुल्लर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भुल्लर अपने पिता को एक गोदाम का ठेका आवंटित करने के लिए रंधावा पर दबाव डाल रहे थे। भुल्लर पर रंधावा का एक वीडियो बनाने और उन्हें किसी दूसरे पक्ष से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने की बात स्वीकार करने के लिए मजबूर करने का भी आरोप लगाया गया है। एक आरोप में कहा गया कि 13 मार्च को रंधावा को भुल्लर के स्थान पर बुलाया गया जहां उनके साथ मारपीट की गई। फिर उन्हें अपमानित किया गया।

विपक्षी दल मुख्यमंत्री निवास का करेंगे घेराव

पंजाब में विपक्षी दलों ने घोषणा की है कि वे अधिकारी की आत्महत्या के मामले में पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का संयुक्त रूप से घेराव करेंगे। इससे पूर्व, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई नेताओं ने शनिवार को एक सरकारी अधिकारी की आत्महत्या को लेकर पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री द्वारा इस्तीफा मांगने पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने पद छोड़ दिया। शनिवार देर रात को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि सभी दलों SAD, कांग्रेस और भारती जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को मान के आवास का घेराव करने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि BJP की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़, अकाली नेता मजीठिया और कांग्रेस नेता एवं विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अमृतसर में इस संबंध में निर्णय लिया। विपक्षी दलों के नेता भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अमृतसर के रणजीत एवेन्यू थाने के बाहर डेरा डाले हुए हैं।

ये भी पढ़ें- Assam Polls 2026: असम CM हिमंता और उनकी पत्नी के पास है ₹35 करोड़ की संपत्ति, चुनावी हलफनामे में खुलासा

पंजाब के लहरागागा में एक रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने AAP सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया, जिसके कारण सरकारी अधिकारी भी आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भुल्लर के इस्तीफे को दिखावा करार दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।